Advertisement Carousel
Blog

सोशल मीडिया का करें जिम्मेदारी से उपयोग, साइबर अपराधों से रहें सतर्क : राजेश खलखो छात्र-छात्राओं को POCSO एक्ट, साइबर क्राइम और शिक्षा के अधिकार की दी गई जानकारी

Advertisements

समाज में विधिक सेवा प्राधिकरण की महत्वपूर्ण भूमिका, छात्रों को सोशल मीडिया से सतर्क रहने की सलाह

Advertisements
Advertisements


जांजगीर-चांपा। माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर-चांपा के निर्देशन में शनिवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कशीगढ़ में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को कानूनों की जानकारी देकर उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना था।


कार्यक्रम में राजेश खलखो, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, जैजैपुर एवं अध्यक्ष, तालुका विधिक सेवा समिति, जैजैपुर ने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) के गठन एवं उद्देश्यों की जानकारी देते हुए समाज में विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों के लिए मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाओं, उनके संरक्षण की योजनाओं, गरीबी उन्मूलन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, अनिवार्य शिक्षा, भारतीय संविधान द्वारा प्रदत्त मौलिक अधिकार एवं कर्तव्यों, मोटर व्हीकल एक्ट तथा लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम सहित विभिन्न महत्वपूर्ण कानूनी विषयों की जानकारी दी।


उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि विद्यार्थी जीवन अनुशासन का जीवन होता है। किसी भी राष्ट्र की पहचान उसके जागरूक और जिम्मेदार नागरिकों से होती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को अपने मौलिक कर्तव्यों का पालन करना चाहिए तथा कानून का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं को सोशल मीडिया का उपयोग सोच-समझकर करने और साइबर अपराधों से सतर्क रहने की भी सलाह दी।
अधिकार मित्र लक्ष्मी प्रसाद जायसवाल ने किशोर न्याय अधिनियम, बच्चों से संबंधित अपराध, साइबर क्राइम, सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव, चोरी, लूट, एनडीपीएस एक्ट, शिक्षा का अधिकार, सिविल एवं पारिवारिक कानून तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं और अभियानों—साथी, डॉन एवं जागृति—की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने नालसा हेल्पलाइन 15100 के बारे में भी विद्यार्थियों को अवगत कराया।


विद्यालय के गणेशी सुरेन ने समाज में बढ़ते अपराधों की रोकथाम के लिए विधिक जागरूकता की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कशीगढ़ के समस्त प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में एस.पी. दुबे, प्राध्यापक ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button