इस्माइला सार की चमक! क्रिस्टल की 3-1 से बड़ी जीत, अल्कमार को झेलनी पड़ी हार
लंदन यूईएफए कॉन्फ्रेंस लीग में क्रिस्टल पैलेस ने एजेड अल्कमार को 3-1 से शिकस्त दी। इस्माइला सार इस मुकाबले के हीरो रहे, जिन्होंने कुल दो गोल दागे। इस मुकाबले का खाता मैक्सेंस लैक्रोइक्स ने खोला, जिन्होंने मुकाबले के 22वें मिनट गोल दागते हुए क्रिस्टल पैलेस को 1-0 से बढ़त दिलाई। इसके बाद इस्माइला सार (45+7) ने गोल करते हुए टीम को मुकाबले में 2-0 से आगे कर दिया। इस मुकाबले के 54वें मिनट एजेड अल्कमार की ओर से गोल करते हुए स्वेन मिजनंस ने क्रिस्टल पैलेस की बढ़त आधी कर दी थी, लेकिन तीन मिनट बाद इस्माइला सार ने अपना दूसरा गोल दागते हुए क्रिस्टल को मुकाबले में 3-1 से आगे कर दिया। इसी के साथ क्रिस्टल पैलेस ने 3 अंक हासिल कर लिए। इस टीम ने अपना दूसरा मुकाबला जीत लिया है। वहीं, एजेड अल्कमार को तीन मैचों में सिर्फ 1 जीत मिल सकी है। इससे पहले क्रिस्टल पैलेस को एईके लारनाका के खिलाफ 0-1 से शिकस्त झेलनी पड़ी थी। मैक्सेंस लैक्रोइक्स का मानना है कि पिछले मुकाबले में मिली हार ने टीम को वापसी के लिए प्रेरित किया है। लैक्रोइक्स ने ‘टीएनटी स्पोर्ट्स’ से कहा, “हम यह जीत हासिल करने के बाद वाकई बहुत खुश हैं। हम अपने खेल से भी बहुत खुश हैं। मुझे लगता है कि सेलहर्स्ट में हर कोई गोल देखना पसंद करता है। उन्होंने कहा, “हम वाकई बहुत खुश हैं। एईके लारनाका के खिलाफ हमारी हार थोड़ी दुखद थी, लेकिन हमने मैच से पहले कहा था कि हम इस मुकाबले को जीतकर फैंस को तोहफा देना चाहते हैं। मुझे लगता है कि हर कोई इसका हकदार है। हमारी टीम इस समय अच्छी स्थिति में हैं। हमने लगातार तीन मैच जीते हैं। हम इससे बहुत खुश हैं। हम जीत की इस लय को बरकरार रखना चाहते हैं। रविवार को हमारा डर्बी मैच है। इसलिए मुझे लगता है कि यह हमारे लिए एक महत्वपूर्ण क्षण होगा।”
महिला क्रिकेट में तूफ़ान! पूर्व कप्तान बोलीं- ‘मुझे किया गया यौन शोषण’, बोर्ड ने शुरू की जांच
नई दिल्ली बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) महिला टीम की पूर्व कप्तान जहांआरा आलम की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच के लिए एक समिति गठित करेगा। इसके साथ ही बोर्ड ने समिति को 15 कार्यदिवसों के भीतर अपने निष्कर्ष और सिफारिशें प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। जहांआरा ने पूर्व चीफ सेलेक्टर और टीम मैनेजर मंजरुल इस्लाम पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। बीसीबी की ओर से जारी बयान में कहा गया है, “बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने बांग्लादेश की राष्ट्रीय महिला क्रिकेट टीम की एक पूर्व सदस्य की ओर से टीम से जुड़े कुछ व्यक्तियों द्वारा कथित कदाचार के संबंध में लगाए गए आरोपों पर चिंता व्यक्त की है। यह मामला संवेदनशील है, इसलिए बीसीबी ने आरोपों की जांच के लिए एक समिति गठित करने का फैसला लिया है। यह समिति 15 कार्यदिवसों के भीतर अपने निष्कर्ष और सिफारिशें प्रस्तुत करेगी।” बयान में कहा गया है, “बीसीबी अपने सभी खिलाड़ियों और कर्मचारियों के लिए एक सुरक्षित, सम्मानजनक और पेशेवर वातावरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। बोर्ड ऐसे मामलों को बेहद गंभीरता से लेता है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर उचित कार्रवाई करेगा।” जहांआरा ने पत्रकार रियासाद अजीम को दिए एक इंटरव्यू में बताया है कि टीम मैनेजर मंजरुल इस्लाम ने उनके साथ अनुचित व्यवहार किया था। वह बगैर इजाजत उनके कंधे पर हाथ रखते और ऐसी निजी बातें करते, जिससे उन्हें असहज महसूस होता। पूर्व सेलेक्टर और मैनेजर हाथ मिलाने के बजाय गले लगाने के लिए उनके पास आते थे। यह उनकी टीम की साथियों और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी के बावजूद होता था। जहांआरा के मुताबिक उन्होंने इसकी शिकायत बीसीबी के पूर्व निदेशक शफीउल इस्लाम नादेल और बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी निजामुद्दीन चौधरी से की थी। भारत में महिला टी20 चैलेंज और फेयरब्रेक इनविटेशनल टी20 जैसे टूर्नामेंट्स में हिस्सा लेने वाली एकमात्र बांग्लादेशी खिलाड़ी जहांआरा आलम ने बांग्लादेश की ओर से 52 वनडे मुकाबलों में 30.39 की औसत के साथ 48 विकेट हासिल किए, जबकि 83 टी20 मुकाबलों में उन्होंने 24.03 की औसत के साथ 60 विकेट निकाले हैं।
हॉकी इंडिया लीग में बड़ा बदलाव: फिलिप गोल्डबर्ग को मिला सूरमा क्लब का जिम्मा
नई दिल्ली हीरो हॉकी इंडिया लीग सीजन 2 से पहले सूरमा हॉकी क्लब ने पुरुष टीम के नए हेड कोच के रूप में बेल्जियम के ओलंपियन फिलिप गोल्डबर्ग को नियुक्त किया है। इस नए कोचिंग सेटअप में उनके साथ अर्जेंटीना के ओलंपियन इग्नासियो रिकार्डो बर्गनर भी शामिल हुए हैं, जो एनालिटिकल कोच की भूमिका निभाएंगे। क्लब के वर्तमान हेड कोच जेरोएन बार्ट सलाहकार की भूमिका में नजर आएंगे, जो पूरे सीजन में टीम की रणनीति और तकनीकी योजना में योगदान देना जारी रखेंगे। अपने शानदार पहले सीजन में सूरमा हॉकी क्लब ने लीग में तीसरा स्थान हासिल किया था। इस टीम में युवा खिलाड़ी जीतपाल हैं, जो अपनी छाप छोड़ने के लिए तैयार हैं। इसके साथ ही आकाशदीप सिंह का अनुभव और उनकी आक्रमण क्षमता टीम के खेल को अगले स्तर तक ले जा सकती है। सूरमा हॉकी क्लब के तकनीकी निदेशक अर्जुन हलप्पा ने कहा, “फिलिप और इग्नासियो का शामिल होना बतौर टीम हमारी यात्रा में एक महत्वपूर्ण कदम है। फिलिप को बेहतरीन टीम तैयार करने का अनुभव है। उनका दृष्टिकोण हमारे नजरिए के साथ पूरी तरह से मेल खाता है। इग्नासियो की विश्लेषणात्मक गहराई हमारी तैयारियों को निखारेगी। अनुभव और इनोवेशन के इस संयोजन के साथ, हम आगामी सीजन में सूरमा हॉकी क्लब को अधिक ऊंचाइयों पर ले जाने की उम्मीद कर रहे हैं।” ओलंपियन फिलिप गोल्डबर्ग और इग्नासियो रिकार्डो बर्गनर सूरमा हॉकी क्लब में अंतरराष्ट्रीय अनुभव और तकनीकी विशेषज्ञता लाते हैं। बेल्जियम के पूर्व अंडर 21 और वरिष्ठ टीम कोच गोल्डबर्ग ने बेल्जियम टीम के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ब्राक्सगाटा हॉकी क्लब में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने टीम को एकजुट और आक्रामक बनाया है। ओलंपियन और पूर्व अर्जेंटीना अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी बर्गनर ने बेल्जियम के 2016 विश्व कप उपविजेता और 2017 यूरोपीय चैंपियनशिप अभियानों में योगदान दिया है, जिसके बाद उन्होंने अर्जेंटीना की वरिष्ठ और महिला राष्ट्रीय टीम (लास लियोनास) को कोचिंग दी। अपनी विश्लेषणात्मक सटीकता और डेटा-संचालित अंतर्दृष्टि के लिए प्रसिद्ध बर्गनर सूरमा की टीम के प्रदर्शन को निखारने में योगदान दे सकते हैं।
सुप्रीम कोर्ट पहुंची हसीन जहां, मोहम्मद शमी से ₹10 लाख मासिक भत्ते की मांग पर कोर्ट का नोटिस
नई दिल्ली टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की पत्नी हसीन जहां की पत्नी ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने अपने लिए और अपनी बेटी के लिए हर महीने चार लाख रुपये के बजाए दस लाख के गुजारा भत्ता दिए जाने की मांग की है। इस पर सर्वोच्च अदालत ने ऐक्शन लेते हुए शमी और पश्चिम बंगाल सरकार को नोटिस जारी किया है। हसीन जहां कई सालों से मोहम्मद शमी से अलग रह रही हैं और उनके साथ दोनों की बेटी भी रहती है। जहां ने कलकत्ता हाई कोर्ट के पिछले फैसले को चुनौती दी है, जिसमें उन्हें 1.5 लाख रुपये प्रति माह और उनकी बेटी की देखभाल के लिए 2.5 लाख रुपये दिए जाने का आदेश दिया गया था। उनका कहना है कि यह धनराशि अपर्याप्त है। ऐसे में इसे बढ़ाकर दस लाख रुपये किया जाना चाहिए। जहां की यह अपील जस्टिस मनोज मिश्रा और जस्टिस उज्जल भुइयां की बेंच के सामने लिस्ट की गई थी। बेंच ने सवाल किया कि क्या चार लाख रुपये, जिसका हाई कोर्ट ने आदेश दिया था, क्या वह उनके लिए पर्याप्त नहीं हैं। याचिका में, हसीन जहां ने तर्क दिया कि शमी की कमाई और उनकी जीवनशैली को देखते हुए यह राशि अपर्याप्त है और उन्होंने अदालत से गुजारा भत्ता बढ़ाने का आग्रह किया। जहां के वकील ने कोर्ट में दलील दी कि उनके पति (मोहम्मद शमी) बहुत पैसा कमाते हैं। हलफनामों पर गौर करें, उनके पास सैकड़ों करोड़ की संपत्ति, लग्जरी कारें हैं, वे अक्सर विदेश यात्रा करते हैं और एक शानदार जीवनशैली जीते हैं। साल 2018 से शमी और उनकी पत्नी हसीन जहां के बीच विवाद चल रहा है। जहां ने शमी पर घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न समेत तमाम आरोप लगाए है। वहीं, हाल ही में साउथ अफ्रीका के खिलाफ घोषित की गई टीम इंडिया की टेस्ट टीम में मोहम्मद शमी की वापसी नहीं हो सकी है। उन्होंने हाल ही में बंगाल के लिए तीन रणजी ट्रॉफी मैचों में अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन एक बार फिर टेस्ट टीम में जगह नहीं बना पाए।
मैत्री मैच में दिखेगा स्टार पावर: अर्जेंटीना स्क्वॉड में शामिल हुए लियोनेल मेसी
ब्यूनस आयर्स स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी को अंगोला के खिलाफ मैत्री मैच में अर्जेंटीना की टीम में शामिल किया गया है। यह मैच 14 नवंबर को लुआंडा में आयोजित होगा। मैनेजर लियोनेल स्कालोनी ने मैत्री मैच के लिए 24 सदस्यीय टीम की घोषणा की है। इसमें तीन नए खिलाड़ियों को मौका दिया गया है। लियोनेल मेसी की इस टीम में लुटारो मार्टिनेज और जूलियन अल्वारेज भी शामिल हैं। नए खिलाड़ियों में विंगर जियानलुका प्रेस्टियानी, फॉरवर्ड जोआक्विन पैनिकेली और मिडफील्डर मैक्सिमो पेरोन का नाम है। यह आगामी फीफा अंतरराष्ट्रीय सत्र में साउथ अमेरिकी टीम का एकमात्र मैत्री मैच होगा। मौजूदा विश्व कप और कोपा अमेरिका चैंपियन टीम गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज के बिना मैदान में उतरेगी। फिलहाल एमिलियानो मार्टिनेज पिंडली की चोट से उबर रहे हैं। फीफा विश्व कप 2026 जून से जुलाई के बीच संयुक्त राज्य अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा में खेला जाएगा। यह मैत्री मैच फीफा विश्व कप से पहले मैनेजर लियोनेल स्कालोनी के लिए टीम के साथ प्रयोग करने के आखिरी मौकों में से एक होगा। पिछले महीने अर्जेंटीना ने प्यूर्टो रिको को 6-0 से शिकस्त दी थी। इस मुकाबले के दौरान मेसी पुरुष अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सर्वाधिक असिस्ट करने वाले खिलाड़ी बने थे, जिन्होंने अब तक कुल 60 असिस्ट किए हैं। 58-58 असिस्ट के साथ नेमार और लैंडन डोनोवन उनसे पीछे हैं। मेसी अपने पेशेवर करियर में 400 असिस्ट पूरे करने से सिर्फ 3 ही कदम दूर हैं। पिछले महीने एमएलएस गोल्डन बूट जीतने वाले मेसी 29 गोल दागकर इंटर मियामी के साथ अपने दूसरे पूरे सीजन में लीग के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। मैत्री मैच के लिए अर्जेंटीना की टीम: गोलकीपर: खेरोनिमो रोली, वाल्टर बेनिटेज। रक्षकों: नहुएल मोलिना, जुआन फोएथ, क्रिस्टियन रोमेरो, निकोलस ओटामेंडी, मार्कोस सेनेसी, निकोलस टग्लिआफिको, वैलेन्टिन बारको। मिडफील्डर: एलेक्सिस मैक एलिस्टर, मैक्सिमो पेरोन, रोड्रिगो डी पॉल, एंजो फर्नांडीज, थियागो अल्माडा, जियोवानी लो सेल्सो, निकोलस पाज। फॉरवर्ड: लियोनेल मेसी, गिउलिआनो शिमोन, जियानलुका प्रेस्टियानी, निकोलस गोंजालेज, लुटारो मार्टिनेज, जोस मैनुअल लोपेज, जूलियन अल्वारेज, जोकिन पैनिचेली।
वर्ल्ड कप मेडल की राह आसान, जय शाह के हस्तक्षेप के बाद प्रतीका रावल को मिलेगा सम्मान
नई दिल्ली जय शाह की दखल के बाद प्रतीका रावल को आईसीसी वुमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप का विनिंग मेडल मिलने वाला है। इसका खुलासा उन्होंने खुद किया है। आईसीसी का नियम है कि वर्ल्ड कप विनिंग मेडल सिर्फ उन्हीं 15 खिलाड़ियों को मिलता है स्क्वॉड का हिस्सा होते हैं। प्रतीका रावल के केस में हालांकि आईसीसी ने अपने इस नियम को बदलना पड़ा है। प्रतीका रावल को बांग्लादेश के खिलाफ लीग स्टेज के आखिरी मुकाबले के दौरान चोट लग गई थी। यह चोट इतनी गंभीर थी कि उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा था। उनकी जगह स्क्वॉड में शेफाली वर्मा ने ली थी। शेफाली ने फाइनल में 87 रनों की पारी खेल भारत को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। स्क्वॉड का हिस्सा होने की वजह से शेफाली को सिर्फ 2 मैच खेलने के बावजूद वर्ल्ड कप विनर का मेडल मिला था। मगर लीग स्टेज के दौरान भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने वाली प्रतीका रावल मेडल से वंचित रह गईं थी। प्रतीका ने लीग स्टेज में एक शतक समेत 300 से अधिक रन बनाए थे। साथी ओपनिंग पार्टनर स्मृति मंधाना के साथ उन्होंने कई अहम साझेदारियां की थी। जब प्रतीका रावल को मेडल नहीं मिला तो सोशल मीडिया पर फैंस ने आवाज उठाई और भारत की जीत में उनके योगदान के लिए आईसीसी पर दबाव बनाया। अब प्रतीका रावल ने खुद खुलासा किया है कि जय शाह की दखल की वजह से उन्हें मेडल मिलने वाला है। प्रतीका रावल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ भारतीय टीम की मुलाकात के दौरान उन्होंने जिस मेडल के साथ तस्वीर खिंचवाई थी, वह उन्हें सहयोगी स्टाफ के एक सदस्य ने दिया था। प्रतीका रावल ने सीएनएन न्यूज18 को बताया, "जय शाह ने हमारे मैनेजर को मैसेज किया कि मैं प्रतीका के लिए मेडल लाने का इंतजाम करना चाहता हूं। तो, आखिरकार अब मेरे पास मेरा अपना मेडल है। पहली बार जब मैंने उसे (सपोर्ट स्टाफ द्वारा उसे दिया गया मेडल) खोला और उसकी तरफ देखा, तो मेरी आंखों में आंसू आ गए। मैं ज्यादा रोने वाली इंसान नहीं हूं, लेकिन वो भावना सच्ची थी, हमारे साथ जुड़ने का एहसास।" रावल ने यह भी बताया कि शाह ने पहले ही उन्हें आश्वासन दिया था कि उन्हें पदक मिलेगा, हालाँकि इसमें कुछ समय लग सकता है। जय शाह ने हमें बताया कि वह आईसीसी से पूछ रहे हैं कि क्या वे पदक भेज सकते हैं। इसलिए उस पदक को मेरे पास पहुँचने में कुछ समय लगेगा। इसलिए, सहयोगी स्टाफ में से एक ने मुझे अभी के लिए पहनने के लिए अपना पदक दे दिया। मान लीजिए कि मेरे पास अपना पदक है। तो, पदक रास्ते में है," उन्होंने कहा।
भारत-पाक मैच का ड्रामा: भारत ने आखिरी क्षण में 2 रनों से जीत दर्ज की
हॉन्गकॉन्ग एशिया कप 2025 में लगातार 3 मुकाबले हराने के बाद भारतीय टीम ने एक बार फिर पाकिस्तान को शिकस्त दी है। इस बार हॉन्गकॉन्ग इंटरनेशनल सिक्सेस टूर्नामेंट में इंडिया ने पाकिस्तान को डकवर्थ लुइस नियम के तहत 2 रन से हराया। मैच में उथप्पा ने 28 और भरत ने 24 रन बनाए। यह मुकाबला मोंग कोक (हॉन्ग कॉन्ग) के मिशन रोड ग्राउंड में हुआ। दरअसल, टूर्नामेंट में सभी मुकाबले 6-6 ओवर के खेले जा रहे हैं। इस मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर फील्डिंग चुनी। इसके बाद भारतीय टीम ने 87 रनों का टारगेट सेट किया। जवाब में पाकिस्तान ने 3 ओवर में 41 रन बनाए तभी बारिश के कारण मैच रोक दिया गया। फिर डकवर्थ लुइस नियम से फैसला हुआ। रॉबिन उथप्पा ने खेली तूफानी पारी टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम ने 6 ओवर्स में 4 विकेट पर 86 रन बनाए. भारतीय टीम की शुरुआत तूफानी रही. रॉबिन उथप्पा और भरत चिप्ली ने मिलकर 2.3 ओवरों में 42 रनों की ओपनिंग साझेदारी की. इस पार्टनरशिप को मुहम्मद शहजाद ने तोड़ा, जिन्होंने उथप्पा को आउट किया. उथप्पा ने दो चौके और तीन छक्के की मदद से 11 बॉल पर 28 रन बनाए. उथप्पा के बाद शहजाद ने स्टुअर्ट बिन्नी (4 रन) को भी सस्ते में चलता किया. यहां से भरत चिप्पी और कप्तान दिनेश कार्तिक की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर भारतीय टीम अच्छे स्कोर तक पहुंचने में सफल रही. चिप्ली ने 13 बॉल पर 24 रन बनाए, जिसमें दो चौके और दो छक्के शामिल रहे. वहीं कार्तिक ने 2 चौके और एक सिक्स की मदद से 6 बॉल पर 17 रनों का योगदान दिया. इस टूर्नामेंट में भारत को पाकिस्तान और कुवैत के साथ ग्रुप-सी में रखा गया है. टूर्नामेंट में कुल 12 टीमें भाग ले रही है, जिन्होंने तीन-तीन के चार ग्रुप्स में बांटा गया है. ग्रुप मुकाबले राउंड रॉबिन प्रारूप में होने हैं. प्रत्येक ग्रुप से दो-दो टीम्स क्वार्टफाइनल में पहुंचेगी. क्वार्टर फाइनल मुकाबले शनिवार (8 नवंबर) को खेले जाने हैं. जबकि अंतिम-चार और खिताबी मुकाबले रविवार (9 नवंबर) को आयोजित होंगे. हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस में पाकिस्तान, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका का दबदबा रहा है. इन तीनों टीमों ने सबसे ज्यादा 5-5 बार खिताब अपने नाम किए हैं. वहीं श्रीलंका ने इस टूर्नामेंट को 2 बार जीता है. जबकि भारत, ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के नाम 1-1 खिताब दर्ज हैं. भारत ने अपना एकमात्र खिताब साल 2005 में जीता था. तब फाइनल में टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था. किस फॉर्मेट में हो रहा ये टूर्नामेंट? हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस टूर्नामेंट का फॉर्मेट काफी यूनिक है. इस टूर्नामेंट टीम 6-6 खिलाड़ियों के साथ उतरती है, साथ ही मुकाबले 6-6 ओवर के छोटे फॉर्मेट में खेले जाते हैं. सेमीफाइनल तक हर ओवर में 6 गेंदें होती हैं, लेकिन फाइनल में प्रत्येक ओवर 8 गेंदें की होती हैं. फील्डिंग साइड में विकेटकीपर को छोड़कर सभी खिलाड़ियों के लिए 1-1 ओवर फेंकना अनिवार्य है. यानी एक टीम से केवल एक ही खिलाड़ी ऐसा होगा, जो 2 ओवर डालेगा. नो-बॉल और वाइड को लेकर नियम बिल्कुल साफ है. नो बॉल या वाइड डालने पर बल्लेबाजी टीम को 1 अतिरिक्त रन मिलेगा और गेंद दोबारा फेंकी जाएगी.लेकिन नो-बॉल होने पर कोई फ्री हिट नहीं मिलेगी. अगर 5 ओवर पूरे होने से पहले ही 5 विकेट गिर जाते हैं, तो टीम का आखिरी खिलाड़ी अकेले क्रीज पर बना रहेगा और उसे हर गेंद पर स्ट्राइक लेनी होगी. इस दौरान उसके साथ एक रनर मौजूद रहेगा. जैसे ही छठा विकेट गिरेगा, पारी वहीं समाप्त मानी जाएगी. इसके अलावा, कोई भी बल्लेबाज 50 रन पूरा करते ही रिटायर्ड हो जाएगा. वह बाद में फिर से बल्लेबाजी के लिए वापस आ सकता हैय लेकिन तभी, जब उसके बाद के बल्लेबाज या तो आउट या खुद रिटायर्ड हों जाएं. कार्तिक की कप्तानी में खेल रही इंडिया इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम की कप्तानी पूर्व विकेटकीपर बैटर दिनेश कार्तिक संभाल रहे हैं। टीम के लिए ओपनर रोबिन उथप्पा ने 11 बॉल पर 28 रन बनाए। जबकि भरत चिपली ने 13 बॉल पर 24 रनों की पारी खेली। स्टुअर्ट बिन्नी ने 4 और अभिमन्यू मिथुन ने 6 रन बनाए। कप्तान कार्तिक ने 6 बॉल पर 17 रन बनाए। पाकिस्तान के लिए मोहम्मद शहजाद ने 2 और अब्दुल समद ने 1 विकेट लिया। इस तरह रही पाकिस्तान की पारी 87 रनों के टारगेट के जवाब में पाकिस्तानी टीम बारिश के कारण खेल रुकने तक 3 ओवर में 41 रन ही बना सकी थी। ओपनर ख्वाजा नफाय ने 9 गेंदों पर नाबाद 18 और माज सदाकत ने 3 बॉल पर 7 रन बनाए। अब्दुल समद 6 बॉल पर 16 रन बनाकर नाबाद रहे। एकमात्र विकेट स्टुअर्ट बिन्नी ने लिया। उन्होंने सदाकत को कार्तिक के हाथों कैच आउट कराया। इस तरह यह मैच भारतीय टीम ने अपने नाम किया।
T20 वर्ल्ड कप 2026: अहमदाबाद को मिला फाइनल का मौका, अन्य बड़े शहरों को मेजबानी — बेंगलुरु को झटका
अहमदाबाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अगले साल होने वाले T20 वर्ल्ड कप के लिए अहमदाबाद, दिल्ली, कोलकाता, चेन्नई और मुंबई को वेन्यू के रूप में शॉर्टलिस्ट किया है. टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला अहमदाबाद में खेला जाएगा.2023 ODI वर्ल्ड कप का फाइनल भी भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अहमदाबाद में ही खेला गया था, जो दुनिया के सबसे बड़ा स्टेडियम है, जिसकी क्षमता एक लाख से ज्यादा दर्शकों की है. तब उस दौरान कुल 10 मैच वेन्यू पर मुकाबले खेले गए थे. PTI के मुताबिक- महिला ODI वर्ल्ड कप की लिस्ट से पहले ही बाहर किए जाने के बाद बेंगलुरु इस बार भी फाइनल वेन्यू की सूची में जगह नहीं बना पाया है. जून में RCB की IPL जीत के जश्न के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुई भगदड़ के बाद कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन जरूरी मंजूरी हासिल करने में विफल रहा था. तब इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई थी और तब से स्टेडियम में कोई भी इंटरनेशनल मैच नहीं खेला गया है. सूत्रों के मुताबिक, ICC फरवरी-मार्च में होने वाले इस टूर्नामेंट का पूरा शेड्यूल अगले हफ्ते जारी करेगा. यह टूर्नामेंट श्रीलंका के साथ मिलकर आयोजित किया जाएगा, जहां श्रीलंका पाकिस्तान के मैचों के लिए एक न्यूट्रल वेन्यू की भूमिका निभाएगा, जो भारत के साथ समझौते के तहत तय किया गया है. श्रीलंका में तीन वेन्यू पर मुकाबले खेले जाएंगे, जिसमें कोलंबो भी शामिल है. भारत घरेलू सरजमीं पर डिफेंडिंग चैम्पियन के तौर पर उतरेगा. टीम ने पिछला T20 वर्ल्ड कप जून में बारबाडोस में जीता था. भारत में चुने गए पांचों वेन्यू टियर-1 शहरों के हैं और उम्मीद है कि यहां बड़ी संख्या में दर्शक मैच देखने पहुंचेंगे. अगर पाकिस्तान फाइनल में पहुंचता है, तो खिताबी मुकाबला श्रीलंका में खेला जाएगा. ICC, BCCI और PCB के बीच हुए समझौते के अनुसार, भारत और पाकिस्तान 2027 तक अपने सभी मुकाबले न्यूट्रल वेन्यू पर खेलेंगे, चाहे मेजबान देश कोई भी हो.
हरमनप्रीत कौर का बड़ा त्याग, MI ने उन्हें पहली नहीं बल्कि दूसरी पोज़िशन पर रिटेन किया
नई दिल्ली महिला क्रिकेट में इस वक्त सबसे ज्यादा डिमांडिंग प्लेयर हरमनप्रीत कौर हैं. दुनिया भर में उनके नाम का डंका बज रहा है. भारत को अपनी कप्तानी में महिला वर्ल्ड कप जिताते ही उनकी गितनी महान कपिल देव और एमएस धोनी के साथ हो रही है. नाम-मान-सम्मान और दौलत शोहरत सामने से चलकर आ रही है, इसके बावजूद 36 साल की इस दिग्गज को करोड़ों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है. हरमन नहीं मुंबई इंडियंस की टॉप प्लेयर दरअसल, वीमेंस प्रीमियर लीग (WPL 2026) के अगले सीजन से पहले होने वाले ऑक्शन की तैयारियां तेज हो चुकी है. नीलामी के लिए सारी छह फ्रैंचाइजी ने अपनी रिटेंशन लिस्ट जारी कर दी है. बड़े नाम अपनी टीम के साथ बरकरार हैं तो कई प्लेयर्स को रीलिज कर दिया गया है. हरमनप्रीत कौर जो मुंबई इंडियंस की कप्तान भी हैं, उन्होंने बड़ा त्याग करते हुए नंबर वन पोजिशन पर नहीं बल्कि दूसरे नंबर पर रिटेन होने पर हामी भर दी है. एक करोड़ कम लेने को तैयार हुईं हरमन इसका मतलब ये है कि विश्व विजेता भारतीय कप्तान अगले साइकिल में मुंबई इंडियंस की सबसे महंगी प्लेयर नहीं होंगी. दो बार की चैंपियन टीम MI हरमन की जगह इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट को सबसे ज्यादा पैसे देगी. नेट को जहां मुंबई इंडियंस से 3.5 करोड़ रुपये मिलेंगे, जबकि हरमनप्रीत को 2.5 करोड़ रुपये मिलेंगे. यह हरमनप्रीत की सैलरी में लगभग 40% (38.8%) का इजाफा है. हरमन को 2023 में पहली नीलामी के बाद पिछले तीन सीजन में 1.8 करोड़ रुपये मिले थे. WPL में सबसे ज्यादा रन नैट साइवर-ब्रंट के नाम नैट साइवर-ब्रंट की बात करें तो हरमनप्रीत की कप्तानी वाली टीम की अविश्वसनीय सफलता का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा रही हैं. तीन WPL में से दो जीत चुकी मुंबई इंडियंस के लिए इंग्लिश कप्तान ने अहम भूमिका निभाई है. इंग्लैंड की यह स्टार खिलाड़ी 1072 रन के साथ टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी हैं. वह 32 विकेट लेकर पांचवीं सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली बॉलर भी हैं. समलैंगिक हैं नताली साइवर-ब्रंट इंग्लैंड विश्व कप विजेता महिला क्रिकेटर नताली साइवर समलैंगिक हैं. उनकी शादी कैथरीन ब्रंट से हुई है. कैथरीन भी दिग्गज क्रिकेटर रहीं हैं. इस जोड़ी ने मिलकर इंग्लैंड को 2017 का महिला विश्व कप जिताया. 2022 को दोनों ने अपने रिश्ते को ऑफिशियली किया. पांच साल रिलेशनशिप में रहने के बाद शादी का फैसला किया. कैथरीन ने एक बच्चे को भी जन्म दिया है.
पाक बोर्ड के पूर्व चीफ मोहसिन नकवी पर गिरा गाज! BCCI और अफगानिस्तान का संयुक्त एक्शन प्लान तैयार
नई दिल्ली आईसीसी की मीटिंग में बीसीसीआई ने एशिया कप के ट्रॉफी चोर मोहसिन नकवी की घेरेबंदी की मुकम्मल तैयारी कर ली है। हालांकि नकवी उस बैठक में शामिल होंगे, इस पर संदेह है। वह 'घरेलू राजनीति' की वजह से बैठक से किनारा कर सकते हैं। इस बीच बीसीसीआई ने ट्रॉफी चोर के 'गुनाहों' की एक लिस्ट तैयार कर ली है। इतना ही नहीं, नकवी की घेरेबंदी में उसे अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड का भी साथ मिल सकता है। टेलिकॉम एशिया स्पोर्ट ने अपनी रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया है कि बीसीसीआई ने 'मोहसिन नकवी के खिलाफ आरोपों की एक पूरी लिस्ट' तैयार की है। नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष के साथ-साथ एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) के प्रमुख हैं। इसके अलावा वह पाकिस्तान सरकार में मंत्री भी हैं। बीसीसीआई ने इसे आईसीसी नियमों के खिलाफ बताते हुए उनकी घेरेबंदी की पुख्ता तैयारी कर ली है। बोर्ड का आरोप है कि नकवी ने आईसीसी के गर्वनेंस रेग्युलेशंस का उल्लंघन किया है। वह दोहरी भूमिका निभा रहे हैं। सरकार में पद के साथ-साथ खेल निकाय में भी पदाधिकारी हैं। रिपोर्ट की माने तो बीसीसीआई को इसमें अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड का भी समर्थन मिल रहा है। एक सूत्र ने टेलिकॉम एशिया स्पोर्ट को बताया, 'अफगानिस्तान भारत के रुख का समर्थन करेगा और नकवी से अपने किसी एक पद को छोड़ने की मांग करेगा। हालांकि नकवी शायद ही पीछे हटें।' रिपोर्ट में कहा गया है कि नकवी को भी अंदाजा है कि बीसीसीआई उन्हें घेरेगा, लिहाजा वह दुबई में होने वाली आईसीसी की मीटिंग में ऐसी किसी भी संभावित आपत्तियों से निपटने की तैयारी में जुटे हैं। इसके लिए वह मीटिंग में शामिल भी हो सकते हैं। इससे पहले पीटीआई की एक रिपोर्ट में संकेत दिया गया था कि नवकी आईसीसी मीटिंग से किनारा कर सकते हैं और उनकी जगह पर पीसीबी के सीओओ सुमेर सैयद हिस्सा ले सकते हैं। वैसे टेलिकॉम एशिया स्पोर्ट की रिपोर्ट की माने तो नकवी के 7 नवंबर को होने वाली आईसीसी की बैठक में शामिल होने की संभावना है। पाकिस्तानी सेनेट में एक संविधान संशोधन पर 6 और 7 नवंबर को डिबेट है। अगर उसमें हिस्सा लेने के बाद नकवी को समय मिला तो आईसीसी बैठक में शामिल हो सकते हैं। अगर मोहसिन नकवी मीटिंग में शामिल होते हैं तो बीसीसीआई एशिया कप ट्रॉफी का मुद्दा सबसे पहले उठाएगा। नकवी ने एशिया कप की ट्रॉफी को विजेता टीम यानी भारतीय टीम को सौंपने के बजाय उसे चुरा लिया था और उसे अपने साथ लेते गए थे। नियमों के मुताबिक ट्रॉफी हमेशा विजेता टीम को ही दिया जाता है और आयोजक संस्था या बोर्ड उसे अपने पास नहीं रख सकता। मोहसिन नकवी ने एशिया कप की ट्रॉफी को निजी जागिर समझने की बेशर्मी दिखाई और अभी तक उसे भारतीय टीम को नहीं सौंपा है।