Advertisement Carousel
Blog

योग हमारी विरासत, स्वस्थ जीवन का आधार : ओपी चौधरी

Advertisements

योग हमारी विरासत, स्वस्थ जीवन का आधार : प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी
बीमारी आने के बाद नहीं, पहले से ही स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की आवश्यकता :  चौधरी
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास, मलखंभ खिलाड़ी डिंपी सिंह को 25 हजार रुपये की सहायता

Advertisements
Advertisements


जांजगीर-चांपा,  अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित भीमा तालाब, जाज्वल्य देव द्वार के समीप भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री ओपी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों तथा नागरिकों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री श्री ओपी चौधरी ने जिलेवासियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक विरासत है, जिसे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से वैश्विक पहचान मिली है। आज पूरी दुनिया योग को स्वास्थ्य, संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली के प्रभावी माध्यम के रूप में अपना रही है।


उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। असंतुलित जीवनशैली इन समस्याओं का प्रमुख कारण बन रही है। ऐसी स्थिति में बीमारी आने का इंतजार करने के बजाय पहले से ही स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना आवश्यक है। नियमित योग, प्राकृतिक चिकित्सा और संतुलित दिनचर्या अपनाकर अनेक बीमारियों से बचाव संभव है।


श्री चौधरी ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास और अनुशासित जीवन का भी आधार है। योग व्यक्ति को तनावमुक्त बनाकर सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से दैनिक जीवन में योग को शामिल कर स्वस्थ एवं निरोग समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान पामगढ़ विकासखंड के ग्राम कुटराबोड़ के युवा मलखंभ खिलाड़ी डिंपी सिंह ने अपने शानदार करतबों से सभी का ध्यान आकर्षित किया। उनकी प्रतिभा से प्रभावित होकर प्रभारी मंत्री ने स्वेच्छानुदान मद से 25 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की तथा भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
योग कार्यक्रम के उपरांत प्रभारी मंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत भीमा तालाब परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण भी उतना ही आवश्यक है।


जिले को मिली तीन नई एंबुलेंस की सौगात
विश्व योग दिवस के अवसर पर जिलेवासियों को स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी सौगात भी मिली। प्रभारी मंत्री श्री ओपी चौधरी ने नवागढ़, पामगढ़ एवं अकलतरा विकासखंड के लिए उपलब्ध कराई गई तीन नई एंबुलेंसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन एंबुलेंसों के संचालन से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं अधिक सुलभ और प्रभावी होंगी।


कार्यक्रम में पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव श्री अंबेश जांगड़े, पूर्व सांसद श्रीमती कमला देवी पाटले, पूर्व विधायक श्री चुन्नीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवा गढ़ेवाल, कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक श्री विजय पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button