Advertisement Carousel
Add
छत्तीसगढ़छुरिया

बसंतपुर थाना क्षेत्र की दिनदहाड़े चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

Daylight theft in Basantpur police station area revealed, two accused arrested

Ad
फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज से राधेश्याम शर्मा
राजनांदगांव। बसंतपुर थाना क्षेत्र के आशीर्वाद कॉलोनी में दिनदहाड़े हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना बसंतपुर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
Advertisements
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर 2026 को आशीर्वाद कॉलोनी कौरिनभाठा निवासी कुल प्रकाश वालदे ड्यूटी पर गए हुए थे। इसी दौरान दोपहर करीब 12:30 बजे से 2:45 बजे के बीच अज्ञात चोर ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कमरे में रखी अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण तथा नगदी चोरी कर ली थी। मामले में थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 420/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन (भा.पु.से.) एवं साइबर/क्राइम डीएसपी श्री सत्यप्रकाश तिवारी के पर्यवेक्षण में टीम ने जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान शहर के 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। तकनीकी विश्लेषण और जेल प्रशासन से समन्वय के बाद मुख्य आरोपी की पहचान विक्की वर्मा के रूप में हुई। पुलिस ने उसे 20 सितंबर 2026 को हरियाणा से हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में पुलिस के मुताबिक विक्की वर्मा ने बताया कि उसकी पहचान जेल में पहले से निरुद्ध रहिमन उर्फ टीकमदास बड़ाबाघ से हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद दोनों ने चोरी की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, रहिमन आशीर्वाद कॉलोनी में ही किराए से रहता था और उसे मकान के दोपहर में सूने रहने तथा वहां सोने-चांदी के आभूषण रखे होने की जानकारी थी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 100 ग्राम सोने का डल्ला, लगभग 500 ग्राम चांदी के आभूषण, 1.50 लाख रुपये नगद और घटना में प्रयुक्त पेचकस सहित करीब 10.50 लाख रुपये की संपत्ति बरामद होने की जानकारी दी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्की वर्मा, उम्र 32 वर्ष, निवासी हरियाणा, हाल खुर्सीपार भिलाई तथा रहिमन उर्फ टीकमदास बड़ाबाघ, उम्र 43 वर्ष, निवासी महाराष्ट्र, हाल आशीर्वाद कॉलोनी कौरिनभाठा राजनांदगांव के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी विक्की वर्मा के विरुद्ध बस्तर, महासमुंद, दुर्ग, कबीरधाम, धमतरी और राजनांदगांव सहित विभिन्न जिलों में चोरी के प्रकरण दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी के विरुद्ध भी चोरी का प्रकरण दर्ज होना पाया गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है। चोरी की शेष संपत्ति की बरामदगी तथा मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों और ज्वेलर की भूमिका की जांच जारी है।
कार्रवाई में थाना बसंतपुर एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button