Advertisement Carousel
Add
Blog

पीडीएस राशन में लाखों का गबन, दो उचित मूल्य दुकानों पर कार्रवाई ससकोबा में 12.89 लाख और गनपतपुर में 18.86 लाख के खाद्यान्न की कमी मिली

Ad

Advertisements

पीडीएस राशन में लाखों का गबन, दो उचित मूल्य दुकानों पर कार्रवाई
ससकोबा में 12.89 लाख और गनपतपुर में 18.86 लाख के खाद्यान्न की कमी मिली
ससकोबा की संचालन एजेंसी की अध्यक्ष व सचिव गिरफ्तार, चार आरोपी अब भी फरार
रायगढ़। धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम ससकोबा और गनपतपुर स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकानों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के खाद्यान्न में बड़ी अनियमितता सामने आई है। खाद्य विभाग की जांच में दोनों दुकानों में चावल, शक्कर और नमक की बड़ी मात्रा में कमी पाई गई। कुल मिलाकर करीब 31.75 लाख रुपये के खाद्यान्न का हिसाब नहीं मिला। जांच रिपोर्ट के आधार पर रैरूमाखुर्द चौकी पुलिस ने दोनों मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

Advertisements
Advertisements


ससकोबा में 12.89 लाख का खाद्यान्न कम
खाद्य विभाग ने 3 सितंबर 2026 को ग्राम ससकोबा की शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009078 का भौतिक सत्यापन किया। जांच के दौरान 499.65 क्विंटल चावल, 5.37 क्विंटल शक्कर और 8.03 क्विंटल नमक की कमी पाई गई। इन खाद्यान्नों की कुल कीमत करीब 12 लाख 89 हजार 375 रुपये आंकी गई है।
जांच में यह भी सामने आया कि अगस्त 2026 में कुछ हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन में फिंगर लगवाने के बाद उन्हें राशन वितरित नहीं किया गया। खाद्य विभाग की रिपोर्ट के आधार पर संचालन एजेंसी सरोज स्व सहायता समूह की अध्यक्ष उमाबाई राठिया और सचिव माधुरी बाई राठिया, तथा विक्रेता बिहारी राठिया के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने उमाबाई राठिया और माधुरी बाई राठिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि विक्रेता बिहारी राठिया फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।


गनपतपुर में 18.86 लाख के खाद्यान्न का हिसाब नहीं
इसी तरह ग्राम गनपतपुर की शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009080 में भी जांच के दौरान बड़ी गड़बड़ी सामने आई। भौतिक सत्यापन में 704.93 क्विंटल चावल, 15.34 क्विंटल शक्कर और 31.98 क्विंटल नमक कम पाया गया। खाद्यान्न की कुल कीमत करीब 18 लाख 86 हजार 345 रुपये बताई गई है।
जांच में दुकान का संचालन जननी महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष रूबीना खान, सचिव शाहिन खान और विक्रेता शहनवाज खान द्वारा किया जाना पाया गया। मामले में जांच प्रतिवेदन और पंचनामा के आधार पर पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई करते हुए अपराध दर्ज किया है। इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी अभी शेष है।
दो अपराध दर्ज, पुलिस की जांच जारी
दोनों मामलों में रैरूमाखुर्द चौकी, थाना धरमजयगढ़ में क्रमशः अपराध क्रमांक 288/2026 और 289/2026 दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने धारा 3 एवं 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार ससकोबा मामले में फरार विक्रेता बिहारी राठिया तथा गनपतपुर मामले में रूबीना खान, शाहिन खान और शहनवाज खान की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
एसएसपी का सख्त संदेश
रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि जरूरतमंद हितग्राहियों के लिए शासन द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले राशन में किसी भी तरह की हेराफेरी या गबन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में पुलिस और प्रशासन की कड़ी निगरानी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button