Advertisement Carousel
Add
छत्तीसगढ़रायगढ़

महिला मित्र से मिलने पहुंचे युवक की मौत, दो आरोपी गिरफ्तार

A young man who went to meet his girlfriend died, two accused arrested

Ad
रायगढ़ के ट्रांसपोर्ट नगर में मारपीट के बाद युवक की मौत, तीसरे आरोपी की तलाश जारी
रायगढ़। जूटमिल थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में मारपीट के बाद एक युवक की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि मामले में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, सतीगुड़ी चौक निवासी 35 वर्षीय शिवा सेठ्ठी 8 सितंबर की रात ट्रांसपोर्ट नगर में रहने वाली अपनी महिला मित्र से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान वहां मौजूद राजू महंत, कृष्णा साव और धन्नू निषाद से उसका विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर तीनों ने मिलकर शिवा के साथ लात-घूंसों से मारपीट की।
Advertisements
मारपीट में शिवा को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद वह किसी तरह वहां से निकलकर अपने परिचित के पास पहुंचा और घटना की जानकारी दी। प्राथमिक उपचार कराने के बाद वह घर लौट गया, लेकिन बाद में उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल रायगढ़ ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर प्रारंभिक तौर पर थाना कोतवाली में मर्ग कायम किया गया। घटनास्थल जूटमिल थाना क्षेत्र में होने के कारण मर्ग डायरी आगे की जांच के लिए जूटमिल पुलिस को भेजी गई। पुलिस ने जांच के दौरान प्रत्यक्षदर्शियों और घटना के समय बीच-बचाव करने वाले लोगों के बयान दर्ज किए।
जांच में सामने आए बयानों के आधार पर पुलिस को तीनों युवकों द्वारा शिवा के साथ मारपीट किए जाने की जानकारी मिली। वहीं पोस्टमार्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में मृत्यु का कारण सिर में गंभीर चोट से उत्पन्न हेमरेजिक शॉक बताया गया।
मर्ग जांच में मारपीट से आई गंभीर चोटों को मौत का कारण पाए जाने के बाद जूटमिल पुलिस ने 12 सितंबर को अपराध क्रमांक 540/2026 दर्ज किया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) के तहत हत्या का अपराध कायम किया गया।
दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
मामले की गंभीरता को देखते हुए जूटमिल थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस को जानकारी मिली कि राजू महंत और कृष्णा साव किसी अन्य मामले में जिला जेल रायगढ़ में निरुद्ध थे और उनकी रिहाई होने वाली थी।
पुलिस टीम ने जेल परिसर के बाहर दोनों आरोपियों को उनके परिजनों की मौजूदगी में पूछताछ के लिए थाने लाया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपने साथी धन्नू निषाद के साथ शिवा से मारपीट करने की बात स्वीकार की। विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने दोनों को 12 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, मामले का तीसरा आरोपी धन्नू निषाद अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
गिरफ्तार आरोपी
– राजू महंत उर्फ संजय महंत (35 वर्ष) — ट्रांसपोर्ट नगर वाल्मीकि आवास, जूटमिल, रायगढ़।
– कृष्णा साव उर्फ चुड़ामणि साव (35 वर्ष) — ट्रांसपोर्ट नगर वाल्मीकि आवास, जूटमिल, रायगढ़।
पुलिस ने कहा है कि कानून हाथ में लेकर मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में हिंसा का सहारा लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button