Advertisement Carousel
छत्तीसगढ़सरियासारंगढ़ - बिलाईगढ़

सरिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, प्रतिबंधित कोडीन सिरप के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले की सरिया पुलिस ने अवैध नशीली दवा के कारोबार पर कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप की तस्करी के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 103 बोतल कोडीन सिरप, एक मोटरसाइकिल, एक कार और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 73 हजार रुपये बताई गई है।

Advertisements

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में राजकुमार साहू (35) निवासी खैरा, गणेश पटेल (24) निवासी बार तथा नरेश साहू (31) निवासी कंटगपाली शामिल हैं। तीनों को 24 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा के सोहेला क्षेत्र से एक मोटरसाइकिल के जरिए बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन सिरप सरिया क्षेत्र लाया जा रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने देवगांव स्थित एफसीआई गोदाम के पास घेराबंदी की। संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया तो उस पर सवार दोनों युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान एक प्लास्टिक बोरी से 103 बोतल कोडीन फॉस्फेट एवं ट्राइप्रोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड युक्त कफ सिरप (कोरेक्स) बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि प्रतिबंधित सिरप को एक अन्य आरोपी के कहने पर खरीदकर लाया जा रहा था। जांच के बाद पुलिस ने तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

इस मामले में सरिया थाना पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया के नेतृत्व में थाना स्टाफ तथा साइबर सेल की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button