Advertisement Carousel
Blog

दुर्ग पुलिस के प्रयास रंग लाए, सड़क हादसों में मौतों में 30% की कमी

Advertisements

दुर्ग पुलिस के सतत अभियान का असर, सड़क हादसों में मौतों में 30 प्रतिशत की कमी

Advertisements


दुर्ग। यातायात पुलिस दुर्ग के लगातार अभियान और सख्त प्रवर्तन का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। वर्ष 2025 की तुलना में वर्ष 2026 में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में लगभग 30 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। इस अवधि में 61 लोगों की जान बचाने में सफलता मिली है। वहीं जून 2026 में जून 2025 की तुलना में 12 कम मौतें दर्ज की गईं। लगातार छठे माह सड़क हादसों में मृत्यु के आंकड़ों में गिरावट दर्ज होना पुलिस की प्रभावी कार्यप्रणाली का प्रमाण माना जा रहा है।

Advertisements


उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। पिछले पांच माह से प्रतिदिन सुबह 6 बजे जिले के चिन्हित स्थानों पर फिक्स वाहन चेकिंग पॉइंट स्थापित कर वाहन चालकों की जांच के साथ यातायात नियमों के पालन के लिए समझाइश दी जा रही है।


अभियान के तहत नशे में वाहन चलाने, ओवरस्पीड, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, गलत दिशा में वाहन चलाने, नो-पार्किंग और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमित कार्रवाई की जा रही है। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों, प्रमुख मार्गों तथा ब्लैक और ग्रे स्पॉट पर विशेष निगरानी, पेट्रोलिंग और आवश्यक सुधार कार्य भी किए जा रहे हैं।


यातायात पुलिस ने पिछले छह माह में 404 जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर 1 लाख 19 हजार 469 नागरिकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा नशे की हालत में वाहन न चलाएं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को और कम किया जा सके।

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button