Advertisement Carousel
Blog

42 वर्षों की बेदाग सेवा को सलाम, दो पुलिस अधिकारियों को भावभीनी विदाई

Advertisements

300 से अधिक पुरस्कार पाने वाले उप निरीक्षक सहित दो पुलिस अधिकारी सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त, आईजी ने दी भावभीनी विदाई

Advertisements
Advertisements


बिलासपुर,  पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय, बिलासपुर रेंज में मंगलवार को उप निरीक्षक रामकुमार पटेल (रीडर) एवं प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र कुमार शास्त्री के सेवानिवृत्ति अवसर पर गरिमामयी एवं भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग के सानिध्य में संपन्न हुआ, जिसमें कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


समारोह में आईजी श्री गर्ग ने दोनों अधिकारियों के अनुशासित, ईमानदार एवं उत्कृष्ट सेवाकाल की सराहना करते हुए उन्हें श्रीफल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों ने अपने कर्तव्यनिष्ठ कार्यों से विभाग की गरिमा बढ़ाई है और उनका सेवाकाल पुलिस परिवार के लिए प्रेरणादायी रहेगा।
उप निरीक्षक रामकुमार पटेल ने वर्ष 1984 में आरक्षक के रूप में पुलिस सेवा की शुरुआत की थी। पदोन्नति के विभिन्न चरणों से गुजरते हुए वे वर्ष 2023 से आईजी कार्यालय में रीडर के पद पर कार्यरत थे। अपने 42 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, कवर्धा एवं कोरबा सहित विभिन्न जिलों में सेवाएं दीं। उन्हें उत्कृष्ट कार्यों के लिए 300 से अधिक पुरस्कार प्राप्त हुए तथा पूरे सेवाकाल में कोई दंड नहीं मिला।


वहीं प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र कुमार शास्त्री ने वर्ष 1994 में चालक के रूप में सेवा प्रारंभ की। उन्होंने मुंगेली एवं गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही सहित विभिन्न जिलों में अनुशासित सेवाएं दीं और वर्ष 2021 से आईजी कार्यालय में पदस्थ थे।
इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक विवेक शर्मा, निरीक्षक अशोक वैष्णव, निरीक्षक सरिता तिवारी तथा प्रधान आरक्षक ओम प्रकाश मिश्रा ने भी दोनों अधिकारियों के सेवाकाल को याद करते हुए उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की शुभकामनाएं दीं।


सेवानिवृत्त अधिकारियों ने सम्मान के लिए पुलिस महानिरीक्षक एवं समस्त स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे जीवनभर पुलिस विभाग से मिले अनुभवों को अपनी सबसे बड़ी पूंजी मानेंगे और आवश्यकता पड़ने पर विभाग के मार्गदर्शन के लिए सदैव उपलब्ध रहेंगे।
समारोह के समापन पर आईजी राम गोपाल गर्ग ने दोनों अधिकारियों को विशेष वाहन से उनके निवास के लिए सम्मानपूर्वक रवाना किया। इस दौरान उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भावभीनी विदाई देते हुए उनके सुखद, स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की कामना की। कार्यक्रम का संचालन मुख्य लिपिक संजय रावत ने किया।

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button