Advertisement Carousel
Blog

नशीली सामग्री और अवैध हथियारों की आपूर्ति रोकने दुर्ग पुलिस की बड़ी पहल कूरियर कंपनियों को सख्त निर्देश, संदिग्ध पार्सलों की सूचना तुरंत पुलिस को दें

Advertisements

कूरियर और ई-कॉमर्स के जरिए नशीली सामग्री व अवैध हथियारों की आपूर्ति रोकने दुर्ग पुलिस की पहल
दुर्ग पुलिस और खाद्य एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त बैठक, कूरियर संचालकों को जारी किए गए सख्त निर्देश
दुर्ग, 22 जून। कूरियर एवं ई-कॉमर्स सेवाओं के माध्यम से प्रतिबंधित नशीली सामग्री, मादक पदार्थों तथा अवैध हथियारों की आपूर्ति और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से सोमवार को कंट्रोल रूम सेक्टर-06, दुर्ग में दुर्ग पुलिस एवं खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की विभिन्न कूरियर कंपनियों एवं ई-कॉमर्स सेवा प्रदाताओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

Advertisements
Advertisements


बैठक में अधिकारियों ने कूरियर संचालकों को निर्देशित किया कि किसी भी पार्सल की बुकिंग के दौरान प्रेषक एवं प्राप्तकर्ता का पूरा विवरण अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। इसमें नाम, पता, मोबाइल नंबर एवं आधार कार्ड की प्रति प्राप्त कर अभिलेख संधारित करने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सभी पार्सल बुकिंग केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा कम से कम एक माह तक फुटेज सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी संदिग्ध पार्सल अथवा अवैध सामग्री की आशंका होने पर तत्काल संबंधित थाना पुलिस एवं संबंधित विभाग को सूचना दी जाए।
बैठक में औषधियों से संबंधित पार्सलों के लिए पृथक रजिस्टर संधारित करने पर विशेष जोर दिया गया। इसमें दवा भेजने वाले और प्राप्त करने वाले व्यक्ति की संपूर्ण जानकारी दर्ज करने तथा पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यथासंभव ऑनलाइन भुगतान को प्राथमिकता देने की सलाह दी गई।
अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में कूरियर और ई-कॉमर्स सेवाओं का व्यापक उपयोग हो रहा है, ऐसे में इन माध्यमों का दुरुपयोग कर प्रतिबंधित नशीली दवाओं, मादक पदार्थों एवं अन्य अवैध वस्तुओं के परिवहन की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। इसे रोकने के लिए सभी संबंधित संस्थाओं का सतर्क एवं जिम्मेदार होना आवश्यक है।


बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर श्री सत्य प्रकाश तिवारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के सहायक संचालक श्री संजय सिंह, औषधि निरीक्षक श्री विष्णु प्रसाद साहू, श्रीमती गायत्री पटेल, श्री जागेश्वरी साहू सहित विभिन्न कूरियर कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों, कूरियर सेवा संचालकों एवं ई-कॉमर्स कंपनियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध पार्सल, प्रतिबंधित नशीली सामग्री या अवैध वस्तुओं के परिवहन की जानकारी तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके और जनसुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button