Advertisement Carousel
Blog

बंदी संजय बघेल की मौत पर रायगढ़ पुलिस का पक्ष सामने, सीसीटीवी फुटेज और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर दी सफाई

Advertisements

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज़ से ललिता बरेठ

Advertisements

बंदी संजय बघेल की मौत पर रायगढ़ पुलिस का पक्ष सामने, सीसीटीवी फुटेज और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर दी सफाई

Advertisements


रायगढ़,  थाना कोतरारोड के आबकारी प्रकरण में गिरफ्तार आरोपी संजय बघेल की न्यायिक अभिरक्षा के दौरान हुई मौत के मामले में जिला पुलिस रायगढ़ ने अपना पक्ष सार्वजनिक किया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले से जुड़े सीसीटीवी फुटेज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटनाक्रम की जानकारी मीडिया के सामने रखी।
पुलिस के अनुसार 10 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर अरसीपाली चौक के पास कार्रवाई करते हुए संजय बघेल के कब्जे से लगभग 30 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की गई थी। इसके बाद उसे दोपहर 12 बजकर 43 मिनट पर थाना कोतरारोड लाया गया और वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोपहर 2 बजकर 15 मिनट पर विधिवत गिरफ्तार किया गया।


प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रस्तुत सीसीटीवी फुटेज के अनुसार आरोपी को थाना परिसर में बंदीगृह के बाहर बैठाया गया था। पुलिस का दावा है कि आरोपी द्वारा पानी मांगने पर उसे पानी उपलब्ध कराया गया, भोजन कराया गया तथा उसके परिजनों को गिरफ्तारी की सूचना भी दी गई। फुटेज में आरोपी अपने परिजनों से बातचीत करते हुए भी दिखाई देता है।
पुलिस के मुताबिक शाम 4 बजकर 35 मिनट पर आरोपी को मेडिकल परीक्षण और न्यायालयीन प्रक्रिया के लिए थाना से रवाना किया गया। मेडिकल परीक्षण के दौरान संजय बघेल ने किसी प्रकार की चोट या शारीरिक परेशानी की शिकायत नहीं की थी तथा मेडिकल रिपोर्ट में उसे स्वस्थ बताया गया था।
इसके बाद शाम लगभग 6 बजकर 30 मिनट पर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल दाखिल कराया गया। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी से लेकर जेल भेजे जाने तक की पूरी प्रक्रिया के दौरान आरोपी के साथ किसी प्रकार की मारपीट या दुर्व्यवहार नहीं किया गया।
हालांकि मृतक के परिजनों द्वारा पुलिसकर्मियों पर रुपये लेने के आरोप लगाए गए हैं। इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले के जांचकर्ता प्रधान आरक्षक श्यामदेव साहू और आरक्षक शंभू चौहान को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया गया है। शिकायत की जांच डीएसपी मुख्यालय द्वारा की जा रही है।


पुलिस ने यह भी बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर मिले चोट के निशानों को मौत का कारण नहीं बताया गया है। मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच और विसरा परीक्षण की प्रक्रिया जारी है।
फिलहाल मामले की न्यायिक जांच चल रही है। जिला पुलिस ने कहा है कि जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग दिया जा रहा है और जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

“संजय बघेल मौत मामले में रायगढ़ पुलिस ने पहली बार सार्वजनिक रूप से अपना पक्ष रखा है। पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज और मेडिकल रिकॉर्ड में मारपीट जैसी कोई बात सामने नहीं आई है, जबकि परिजनों की शिकायतों की अलग से जांच जारी है। अब सभी की नजरें न्यायिक जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट पर टिकी हैं।”

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button