Advertisement Carousel
छत्तीसगढ़धरसींवा

धरसीवा दुष्कर्म प्रकरण: दोनों आरोपी गिरफ्तार, जांच में नए तथ्य आए सामने

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज से मोहम्मद उस्मान सैफी

रायपुर/धरसीवा। धरसीवा क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के चर्चित मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच में सामने आया है कि यह घटना सामूहिक दुष्कर्म की नहीं थी, बल्कि दो अलग-अलग तिथियों और स्थानों पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया गया था।

Advertisements
Advertisements

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की विवेचना अब धरसीवा थाना प्रभारी राजेंद्र दीवान को सौंपी गई है। जांच में पता चला कि 17 अप्रैल को नाबालिग को उसके परिचित युवक के मित्र ईश्वर धृतलहरे (36 वर्ष), निवासी देवगांव थाना खरोरा, अपने घर ले गया था, जहां उसने कथित रूप से दुष्कर्म किया।

इसके बाद अगले दिन नाबालिग को बोहरी-कोल्हान नाला क्षेत्र ले जाया गया, जहां उसके परिचित युवक तारकेश्वर मानिकपुरी ने विवाह का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद दोनों आरोपी नाबालिग को उसके रिश्तेदार के घर छोड़कर चले गए।

Advertisements

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक अपहरण प्रकरण की जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म, शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण तथा पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ी गईं। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू की गई।

इस मामले में जांच में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने सिलयारी चौकी प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, चौकी की जिम्मेदारी नए प्रभारी सुशील वर्मा को सौंपी गई है।

घटना को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी प्रतिक्रिया देखने को मिली। जनप्रतिनिधियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने मामले में त्वरित कार्रवाई और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई थी। बढ़ते जनदबाव के बीच पुलिस प्रशासन ने जांच को तेज करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत विवेचना जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button