Advertisement Carousel
Blog

इंस्टाग्राम पर दोस्ती, APK से मोबाइल हैक और ब्लैकमेल; बिहार से साइबर अपराधी गिरफ्तार

Advertisements

इंस्टाग्राम पर दोस्ती, APK से मोबाइल हैक और ब्लैकमेल; बिहार से साइबर अपराधी गिरफ्तार
रायगढ़ साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, युवती से 13 हजार रुपये की ठगी करने वाला आरोपी न्यायिक रिमांड पर
रायगढ
रायगढ़ साइबर थाना पुलिस ने इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर युवती को प्रेमजाल में फंसाने, मोबाइल हैक कर ब्लैकमेल करने और पैसे वसूलने वाले साइबर अपराधी को बिहार के मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता से 13 हजार रुपये ऐंठ लिए थे।

Advertisements
Advertisements


पुलिस के अनुसार, लैलूंगा थाना क्षेत्र की 23 वर्षीय युवती ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि लगभग छह वर्ष पहले उसकी इंस्टाग्राम पर बिहार निवासी युवक से दोस्ती हुई थी। विश्वास जीतने के बाद आरोपी ने युवती से निजी फोटो और वीडियो हासिल किए तथा बाद में एक APK फाइल भेजकर उसे डाउनलोड करने के लिए कहा। फाइल इंस्टॉल होने के बाद आरोपी ने मोबाइल का एक्सेस प्राप्त कर लिया और पीड़िता की निजी जानकारी एवं संपर्क सूची अपने कब्जे में ले ली।
इसके बाद आरोपी लगातार निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांगने लगा। बदनामी के डर से युवती ने अलग-अलग किश्तों में 13 हजार रुपये उसके खाते में भेज दिए। इसके बावजूद आरोपी ब्लैकमेल करता रहा और परिजनों से संपर्क कर बदनाम करने की धमकी देता रहा।
शिकायत मिलते ही रायगढ़ साइबर थाना ने आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू की। डिजिटल साक्ष्यों और आईपी एड्रेस के आधार पर पुलिस टीम बिहार के मुजफ्फरपुर पहुंची, जहां से आरोपी अविनाश चौधरी (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने यूट्यूब के माध्यम से हैकिंग के तरीके सीखकर इस वारदात को अंजाम दिया।


गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में एसएसपी शशि मोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, डीएसपी साइबर उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक सहित साइबर थाना टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करने, निजी फोटो-वीडियो साझा करने और किसी के कहने पर APK फाइल डाउनलोड करने से बचें। यदि कोई व्यक्ति फोटो या वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांगता है तो घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930, cybercrime.gov.in या निकटतम साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराएं।

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button