Advertisement Carousel
गरियाबंदछत्तीसगढ़

देवभोग स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने निष्पक्ष जांच की मांग की

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज से विपिन कुमार सोनवानी

देवभोग, गरियाबंद। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवभोग के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रकाश साहू के विरुद्ध ग्राम सुपेबेड़ा निवासी टंकेश्वर आडिल द्वारा की गई शिकायत के मामले में विकासखंड देवभोग के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) देवभोग को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष एवं तथ्यों पर आधारित जांच की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि डॉ. प्रकाश साहू अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन निष्ठा एवं समर्पण के साथ कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है तथा वे जनहित में कार्यरत अधिकारी के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं।

कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि हाल के समय में बिना पर्याप्त तथ्य एवं प्रमाण के शिकायतें किए जाने की प्रवृत्ति बढ़ी है, जिससे अधिकारियों एवं कर्मचारियों का मनोबल प्रभावित होता है और शासकीय कार्यों में अनावश्यक व्यवधान उत्पन्न होता है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध वास्तविक शिकायत हो तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, लेकिन असत्य एवं दुर्भावनापूर्ण शिकायतों को भी जांच के बाद चिन्हित किया जाना आवश्यक है।

ज्ञापन में टंकेश्वर आडिल द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए कहा गया है कि इससे स्वास्थ्य विभाग की छवि धूमिल हो रही है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रशासन से मांग की है कि शिकायत की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा जांच पूरी होने तक किसी प्रकार की एकपक्षीय कार्रवाई न की जाए।

ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर गरियाबंद, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी गरियाबंद, खंड चिकित्सा अधिकारी देवभोग तथा थाना प्रभारी देवभोग को भी प्रेषित की गई है।

Advertisements
First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button