Advertisement Carousel
Blog

अंतरराज्यीय वाहन ठग गिरोह का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार किराए के बहाने जेसीबी-हाइवा लेकर फरार होने वाले गिरोह का भंडाफोड़

Advertisements

किराए के बहाने जेसीबी-हाइवा लेकर फरार होने वाले अंतरराज्यीय ठग गिरोह का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार

Advertisements
Advertisements


जांजगीर-चांपा, जांजगीर-चांपा पुलिस ने किराए पर भारी वाहन लेकर फरार हो जाने और उन्हें दूसरे राज्यों में बेचकर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो जेसीबी, एक हाइवा, एक टाटा सफारी, महंगा मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित लाखों रुपये की संपत्ति बरामद की है।


पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में अकलतरा पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह पिछले तीन वर्षों से छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा था।


किराए के नाम पर करते थे ठगी
मामले की शुरुआत तब हुई जब पिपरसत्ती निवासी प्रदीप कुमार कोसले ने थाना अकलतरा में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी जेसीबी मशीन को आरोपियों ने किराए पर लेने के नाम पर अपने कब्जे में लिया और बाद में मोबाइल बंद कर फरार हो गए। आरोपियों ने 1.40 लाख रुपये मासिक किराया और 50 हजार रुपये अग्रिम भुगतान का झांसा दिया था। वाहन ले जाने के बाद उन्होंने जीपीएस सिस्टम भी निकाल दिया, जिससे वाहन की ट्रैकिंग बंद हो गई।
जांच में खुला बड़ा नेटवर्क
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी किरायानामा और खरीद-बिक्री के फर्जी दस्तावेज तैयार कर वाहनों को दूसरे राज्यों में बेच देते थे। पूछताछ में आरोपियों ने कई वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। गिरोह द्वारा जेसीबी, ट्रेलर और ट्रैक्टर जैसे भारी वाहनों को ठगी से हासिल कर उन्हें अन्य व्यक्तियों को बेचने का खुलासा हुआ है।
मास्टरमाइंड चित्रकूट से गिरफ्तार


मामले के मुख्य आरोपी भरत गुप्ता को पुलिस ने चित्रकूट-जबलपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर जबलपुर से ठगी गई जेसीबी बरामद की गई। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि उसके खिलाफ बिलासपुर जिले में भी जेसीबी ठगी का एक मामला दर्ज है।
पांच आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में तीरथराज कुर्रे, राहुल खांडे, सन्नी लाल पाटले, शिवम जायसवाल और मास्टरमाइंड भरत गुप्ता को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
लाखों रुपये का माल जब्त
पुलिस ने आरोपियों से दो जेसीबी मशीन, एक हाइवा, ठगी की रकम से खरीदी गई टाटा सफारी, सैमसंग गैलेक्सी एस-24 अल्ट्रा मोबाइल तथा मोटरसाइकिल जब्त की है। बरामद वाहनों की कुल कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस की अपील
जांजगीर-चांपा पुलिस ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे किसी भी व्यक्ति को वाहन किराए पर देने से पहले उसका पूर्ण सत्यापन अवश्य कराएं तथा वाहनों में लगे जीपीएस सिस्टम को सक्रिय रखें, ताकि किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी से बचा जा सके।

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button