Advertisement Carousel
Add
छत्तीसगढ़सारंगढ़सारंगढ़ - बिलाईगढ़

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के 1206 स्कूलों में चित्रकारी प्रतियोगिता

Painting competition in 1206 schools of the district under Seva Sankalp Abhiyan

Ad
बच्चों ने रंगों में उकेरे सेवा, संस्कार और विकसित भारत के सपने, 1009 शासकीय और 197 निजी विद्यालयों में रचनात्मक गतिविधि
सारंगढ़-बिलाईगढ़,कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयों में चित्रकारी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिले के 1206 विद्यालयों में एक साथ आयोजित इस रचनात्मक गतिविधि में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रंगों और रेखाओं के माध्यम से सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के अपने सपनों को कागज पर उकेरा। विद्यालयों में बच्चों की रचनात्मकता और उत्साह से माहौल जीवंत नजर आया।
Advertisements
जिले में आयोजित इस व्यापक कार्यक्रम में 1009 शासकीय विद्यालय शामिल रहे। इनमें 518 प्राथमिक, 373 माध्यमिक तथा 112 हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालय शामिल हैं। इसके साथ ही 197 निजी विद्यालयों में भी चित्रकारी प्रतियोगिता आयोजित की गई। कलेक्टर के निर्देश पर शिक्षा विभाग द्वारा जिले के सभी विद्यालयों को इस गतिविधि से जोड़ते हुए अधिक से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित की गई।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित चित्रकारी प्रतियोगिता बच्चों के लिए अपनी कल्पना और भावनाओं को अभिव्यक्त करने का अवसर बनी। नन्हे हाथों में जब रंग और कूची आई, तो कागज पर सेवा, सहयोग, संस्कार और समाज के प्रति जिम्मेदारी के भाव दिखाई देने लगे। विद्यार्थियों ने अपने चित्रों के माध्यम से स्वच्छ और शिक्षित समाज, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक एकता तथा विकसित भारत जैसे विषयों को रचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया।
कलेक्टर के निर्देश पर आयोजित इस गतिविधि में शिक्षा विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, विद्यालयों के शिक्षकों और संबंधित संस्थाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर नगरीय क्षेत्रों तक विद्यालयों में बच्चों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इसका परिणाम रहा कि जिले के प्राथमिक स्तर से लेकर हाई एवं हायर सेकेंडरी स्तर तक के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा, सहभागिता और सकारात्मक बदलाव के संकल्प से जोड़ना है। विद्यालयों में आयोजित चित्रकारी प्रतियोगिता इसी उद्देश्य को बच्चों तक पहुंचाने की रचनात्मक पहल बनी। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को यह अवसर मिला कि वे अपने मन में बसे बेहतर समाज और विकसित भारत के सपने को केवल शब्दों में नहीं, बल्कि रंगों और चित्रों के माध्यम से सामने रखें। जिले के 1206 शासकीय एवं निजी विद्यालयों में बच्चों की यह सामूहिक रचनात्मक सहभागिता सेवा संकल्प अभियान को नई पीढ़ी से जोड़ने की सार्थक पहल के रूप में सामने आई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button