Advertisement Carousel
छत्तीसगढ़जशपुर नगर

जशपुर में “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत बड़ी कार्रवाई, 5 गौवंश मुक्त, फरार गौ तस्कर गिरफ्तार

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज से शैलेंद्र कुमार

Advertisements

जशपुर। जशपुर पुलिस द्वारा गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत थाना लोदाम क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने एक टाटा सुमो वाहन से तस्करी कर ले जाए जा रहे 5 गौवंशों को सकुशल मुक्त कराया है। वहीं एक अन्य मामले में लंबे समय से फरार चल रहे गौ तस्कर को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, डॉ लाल उमेद सिंह के निर्देशन में जिलेभर में गौ तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 7 मई 2026 की सुबह थाना लोदाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक टाटा सुमो गोल्ड वाहन में गौवंशों को बेरहमी से भरकर झारखंड की ओर ले जाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही लोदाम पुलिस ने आरटीओ बैरियर पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान जशपुर की ओर से आ रहे संदिग्ध टाटा सुमो गोल्ड वाहन क्रमांक CG-07-AN-1089 को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर तेज गति से भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया, जिसके बाद ग्राम पीड़ी मार्ग स्थित झाबू नदी पुल के पास आरोपी वाहन छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गए।
जब पुलिस टीम वाहन तक पहुंची तो देखा कि वाहन की पीछे की सीट निकालकर उसमें 5 गौवंशों को ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। पुलिस ने सभी गौवंशों को सुरक्षित बाहर निकालकर पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया। मामले में फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
इस मामले में थाना लोदाम में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1961 की धारा 11(1)(क)(घ) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
वहीं, लोदाम पुलिस ने गौ तस्करी के एक अन्य पुराने मामले में फरार आरोपी महबूब शाह उर्फ हगन महबूब उर्फ लकड़ बाबा (30 वर्ष), निवासी साईं टांगर टोली थाना लोदाम जिला जशपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि 12 फरवरी 2026 को ग्राम कोनबीरा जंगल क्षेत्र से एक पिकअप वाहन में 12 गौवंश बरामद किए गए थे। उस दौरान रेकी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, जबकि मुख्य आरोपी फरार था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसके गांव में घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, सहायक उप निरीक्षक सहबीर भगत, आरक्षक राजू लकड़ा, सुरेंद्र राम और बसंत यादव की अहम भूमिका रही।
इस संबंध में डीआईजी एवं एसएसपी डॉ लाल उमेद सिंह ने कहा कि गौ तस्करी में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और “ऑपरेशन शंखनाद” आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Advertisements
First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Ad
Back to top button