Advertisement Carousel
Add
Blog

एक ही दिन में 766 गांवों में जन चौपाल, जशपुर पुलिस का नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज

Ad

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज से शैलेंद्र कुमार

जशपुर। सड़क सुरक्षा और यातायात जागरूकता के क्षेत्र में जशपुर पुलिस ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। जिले के सभी 766 गांवों में एक ही दिन जन चौपाल आयोजित कर हेलमेट और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता अभियान चलाने पर जशपुर पुलिस का नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है।

Advertisements
Advertisements

गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की राज्य प्रमुख सोनल राजेश शर्मा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय जशपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह को प्रमाण पत्र और मेडल प्रदान कर इस उपलब्धि के लिए सम्मानित किया। इस दौरान सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान की सराहना भी की गई।

जशपुर जिले में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए पुलिस विभाग ने व्यापक जनभागीदारी के साथ यातायात जागरूकता अभियान शुरू किया था। अभियान का मुख्य उद्देश्य दोपहिया वाहन चालकों और सवारों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करना, चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने के प्रति जागरूक करना रहा।

Advertisements

इस अभियान की शुरुआत 18 अप्रैल 2026 को हेलमेट जागरूकता रैली से हुई थी। जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में आयोजित रैलियों में 10 हजार से अधिक नागरिकों ने भाग लिया। वहीं मुख्यमंत्री, जिले के प्रभारी मंत्री, वरिष्ठ अधिकारियों सहित 3 हजार से अधिक गणमान्य नागरिकों ने वीडियो संदेश जारी कर हेलमेट पहनने की अपील की।

जशपुर पुलिस द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत अब तक 60 हजार से अधिक लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई जा चुकी है। पुलिस ने अपनी बीट व्यवस्था को मजबूत करते हुए प्रत्येक गांव में एक पुलिस अधिकारी या कर्मचारी को सुरक्षा अधिकारी नियुक्त किया है, जो ग्रामीणों को सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करेगा।

अभियान में जशपुर पुलिस के लगभग 5 हजार “पुलिस मितानों” ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ग्रामीण स्तर पर जनजागरूकता कार्यक्रमों और जन चौपालों के माध्यम से लोगों तक सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाया गया।

24 जून 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जिले के सभी 766 गांवों में एक साथ जन चौपाल आयोजित की गई। इस दौरान हेलमेट पहनने की अनिवार्यता, सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन पर विशेष जोर दिया गया। यही पहल जशपुर पुलिस को विश्व रिकॉर्ड तक पहुंचाने में सफल रही।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने इस उपलब्धि का श्रेय जिले के सभी पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस मितानों, जिला प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों को दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह अभियान भविष्य में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button