Advertisement Carousel
Blog

करोड़ों की संपत्ति हड़पने की साजिश का खुलासा, पत्नी और साला गिरफ्तार व्यवसायी की कमाई पर डाका! पत्नी-साले पर गबन और धोखाधड़ी का आरोप

Advertisements

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज़ से ललिता बरेठ

Advertisements

करोड़ों की संपत्ति हड़पने की साजिश का खुलासा, पत्नी और साला गिरफ्तार

Advertisements


रायगढ़, 05 जून 2026। घरघोड़ा क्षेत्र में एक व्यवसायी की करोड़ों रुपये की संपत्ति और मेहनत की कमाई हड़पने की कथित साजिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शिकायत की विस्तृत जांच के बाद घरघोड़ा पुलिस ने व्यवसायी की पत्नी और उसके भाई को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में शिकायतों के त्वरित निराकरण और वैधानिक कार्रवाई के तहत इस मामले की जांच एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी द्वारा की गई। जांच में चोरी, धोखाधड़ी, गबन और आपराधिक षड्यंत्र के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर थाना घरघोड़ा में अपराध दर्ज किया गया।
शिकायतकर्ता पिंगल कुमार बघेल ने आरोप लगाया कि व्यवसाय से प्राप्त होने वाली रकम उसकी पत्नी सीमा बघेल द्वारा कथित रूप से उसके भाई कृष्ण कुमार यादव को दी जाती रही। जांच के दौरान बैंक खातों और अन्य दस्तावेजों के परीक्षण में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए। पुलिस के अनुसार जांच में आर्थिक अनियमितताओं और संपत्ति से जुड़े लेन-देन के संबंध में पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं।


शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि भविष्य में अधिग्रहण और मुआवजे की संभावना वाली भूमि को सुनियोजित तरीके से पत्नी के नाम पर दर्ज कराया गया। साथ ही अन्य संपत्तियों पर कब्जा करने की नीयत से मानसिक प्रताड़ना देने की बात भी सामने आई है।
जांच प्रतिवेदन के आधार पर थाना घरघोड़ा में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सीमा बघेल और कृष्ण कुमार यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में नामजद एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी शेष है, जिसकी तलाश जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि आर्थिक अपराध, धोखाधड़ी और गबन जैसे मामलों में शामिल किसी भी व्यक्ति को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा तथा पीड़ितों को न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button