Advertisement Carousel
Add
छत्तीसगढ़धमतरी

चार भालुओं के हमले से दो ग्रामीण घायल, इलाके में दहशत

Two villagers injured in attack by four bears, panic in the area

Ad
फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज से धर्मेंद्र यादव
नगरी विकासखंड के तुमड़ीबहार क्षेत्र में सामने आई घटना, जंगल जाने वाले ग्रामीणों में बढ़ी चिंता
नगरी। विकासखंड के तुमड़ीबहार क्षेत्र स्थित अर्जुनी जंगल में गुरुवार सुबह चार भालुओं ने दो ग्रामीणों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में एक ग्रामीण के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दूसरे के हाथ में खरोंच आई है। घटना के बाद इलाके के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, तुमड़ीबहार निवासी दिनेश नेगी अपने साथी मदन नेताम के साथ गुरुवार सुबह करीब 7 बजे अर्जुनी जंगल की ओर गया था। इसी दौरान जंगल में चार भालुओं ने अचानक दोनों पर हमला कर दिया। हमले में दिनेश नेगी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर और चेहरे पर चोटें बताई जा रही हैं। वहीं मदन नेताम के हाथ में भी खरोंच आई है।
घटना के बाद दोनों घायलों को तत्काल नगरी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। दिनेश नेगी की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद डीके यादव ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और मामले की सूचना वन विभाग को दी। ग्रामीणों ने जंगल क्षेत्र में वन विभाग की निगरानी बढ़ाने तथा लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
भालुओं के हमले की घटना के बाद जंगल जाने वाले ग्रामीणों में खासा भय है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल क्षेत्र में वन्यजीवों की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था मजबूत किए जाने की जरूरत है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button