Advertisement Carousel
Blog

गेजामुड़ा में नशामुक्ति अभियान, 20 बोरी महुआ लहान और भारी मात्रा में महुआ पास नष्ट

Advertisements

गेजामुड़ा में नशामुक्ति अभियान, 20 बोरी महुआ लहान और भारी मात्रा में महुआ पास नष्ट

Advertisements

‘ऑपरेशन आघात’ के तहत कोतरारोड़ पुलिस की कार्रवाई, महिला समूह और ग्रामीणों ने पुलिस के साथ मिलकर चलाया अभियान

रायगढ़, । नशे और अवैध शराब के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का ‘ऑपरेशन आघात’ लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में कोतरारोड़ पुलिस ने ग्राम गेजामुड़ा में महिला समूह, सक्रिय युवाओं और ग्रामीणों के सहयोग से अवैध शराब निर्माण के खिलाफ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान खेत में अवैध शराब बनाने के लिए तैयार किया गया 20 बोरी महुआ लहान और 10 डिब्बों व 5 बाल्टियों में भरा भारी मात्रा में महुआ पास बरामद कर मौके पर ही नष्ट किया गया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम गेजामुड़ा में पिछले एक सप्ताह से महिला समूह, सक्रिय युवा और गणमान्य नागरिक गांव में अवैध शराब निर्माण की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। इसी दौरान गांव के बाहर खेत में अवैध रूप से महुआ शराब तैयार किए जाने की सूचना मिली।

Advertisements


सूचना पर कोतरारोड़ पुलिस और ग्राम गेजामुड़ा की महिला समिति ने संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। यहां शराब बनाने के लिए तैयार किया गया 20 बोरी महुआ लहान तथा 10 डिब्बों और 5 बाल्टियों में रखा भारी मात्रा में महुआ पास बरामद हुआ। महिला समिति के सदस्यों और सक्रिय युवाओं की मौजूदगी में पुलिस ने मौके पर ही इसे नष्ट कर दिया।
अवैध शराब बनाने वालों पर कार्रवाई की तैयारी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि खेत में इतनी बड़ी मात्रा में महुआ लहान और पास किसके द्वारा तैयार किया जा रहा था। संबंधित लोगों की पहचान के लिए पुलिस द्वारा जानकारी जुटाई जा रही है।
इस कार्रवाई के माध्यम से पुलिस ने अवैध शराब निर्माण में संलिप्त लोगों को स्पष्ट संदेश दिया है कि क्षेत्र में किसी भी तरह का अवैध शराब कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ग्रामीणों से सहयोग की अपील
थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक शील कुमार आदित्य ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि घर, दुकान, होटल और ढाबों में अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शराब और जुआ जैसी सामाजिक बुराइयों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस के साथ आम नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि क्षेत्र में अवैध शराब का निर्माण, बिक्री या जुआ संचालित होने की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने की बात भी कही गई।


पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक शील कुमार आदित्य, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक क्षितिज देवांगन, सहायक उप निरीक्षक मनमोहन बैरागी, आरक्षक राजेश खांडे एवं चूड़ामणि गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी का संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे और अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि सामाजिक बुराइयों के उन्मूलन में आम नागरिकों की सहभागिता बेहद महत्वपूर्ण है। ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब निर्माण अथवा बिक्री की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button