Advertisement Carousel
Blog

60 किलो गांजा तस्करी के फरार मुख्य सप्लायर तक पहुंची पुलिस, ओडिशा से गिरफ्तार

Advertisements

60 किलो गांजा तस्करी के फरार मुख्य सप्लायर तक पहुंची पुलिस, ओडिशा से गिरफ्तार

Advertisements

‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत तमनार पुलिस की कार्रवाई; मोबाइल नंबर की कड़ी से खुला सप्लाई नेटवर्क, आरोपी न्यायिक रिमांड पर

रायगढ़ नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत तमनार पुलिस ने 60 किलो गांजा तस्करी के मामले में फरार चल रहे मुख्य सप्लायर को ओडिशा के बौद्ध जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मामला 20 अप्रैल 2026 का है। तमनार पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सोहन लाल सिदार और विनोद प्रधान को सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक OR-15-T-7372 में 60 किलो गांजा परिवहन करते पकड़ा था। पुलिस ने गांजा, वाहन और दो मोबाइल समेत करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया था।

Advertisements


मोबाइल नंबर से मुख्य सप्लायर तक पहुंची पुलिस
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया था कि उन्हें ओडिशा से गांजा एक मोबाइल नंबर के माध्यम से उपलब्ध कराया गया था। इसके बाद एसएसपी शशि मोहन सिंह ने एनडीपीएस मामलों में केवल बरामदगी और गिरफ्तारी तक सीमित न रहते हुए गांजा तस्करी के पूरे सप्लाई चैन की पहचान कर एंड-टू-एंड कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने संबंधित मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच और लगातार पतासाजी की। जांच के दौरान मुख्य सप्लायर की पहचान शंकर मेहर, निवासी जिला बौद्ध, ओडिशा के रूप में हुई। गिरफ्तारी की भनक लगने के बाद आरोपी अपना घर छोड़कर फरार हो गया था।
पुलिस कैंप लगाकर सक्रिय किया मुखबिर तंत्र
तमनार पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए संबंधित क्षेत्र में पुलिस कैंप लगाकर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार जानकारी जुटाने के बाद पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी शंकर मेहर अपने गांव गुण्डीपदर, थाना बाउन्सुनी, जिला बौद्ध में मौजूद है।
सूचना की पुष्टि के बाद तमनार पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी के निवास पर दबिश दी और उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने गांजा तस्करी के मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
हर बार बदलता था मोबाइल नंबर और नाम
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर तस्करी के दौरान अलग-अलग मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करता था। गांजा लेने वाले लोगों को वह अलग-अलग स्थानों पर बुलाकर सौदा करता था और अपनी पहचान भी अलग-अलग नाम से बताता था।
पुलिस के मुताबिक, अप्रैल में पकड़े गए आरोपियों सोहन लाल सिदार और विनोद प्रधान से भी आरोपी ने अपना नाम कमल मेहर बताया था। इस तरह आरोपी अपनी पहचान छिपाकर पुलिस की गिरफ्त से बचने का प्रयास कर रहा था।
एनडीपीएस एक्ट के तहत भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी के परिजनों को गिरफ्तारी की सूचना देने के बाद शंकर मेहर पिता नित्यानंद मेहर, उम्र 30 वर्ष, निवासी गुण्डीपदर, थाना बाउन्सुनी, जिला बौद्ध, ओडिशा को थाना तमनार के अपराध क्रमांक 78/2026 में धारा 20(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने अप्रैल में हुई 60 किलो गांजा तस्करी के मामले में फरार मुख्य सप्लायर तक पहुंच बनाते हुए तस्करी नेटवर्क की एक महत्वपूर्ण कड़ी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
फरार आरोपी की पतासाजी और गिरफ्तारी में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक युगल किशोर यादव, सहायक उप निरीक्षक शशिदेव भोय और आरक्षक अतुल सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस नशे के कारोबार के खिलाफ केवल छोटे तस्करों तक सीमित नहीं रहेगी। पूरे सप्लाई चैन का पता लगाकर मुख्य सप्लायर और नेटवर्क से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से नशे के अवैध कारोबार की जानकारी पुलिस को देने की अपील करते हुए कहा कि सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button