Advertisement Carousel
Blog

सावन के पहले सोमवार पुटपुरा गौठान में 500 पौधों का वृहद वृक्षारोपण हरिलीला ट्रस्ट के हरित अभियान में उमड़ा जनसैलाब, 500 पौधों का हुआ रोपण

Advertisements

प्रकृति से रिश्ता जोड़िए, पेड़ों को परिवार का सदस्य मानिए : एसपी विजय पाण्डेय

Advertisements


हरिलीला ट्रस्ट के ‘हरित अभियान’ में सावन के पहले सोमवार पुटपुरा गौठान में 500 पौधों का वृहद वृक्षारोपण
जांजगीर-चांपा। सावन के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए हरिलीला चैरिटेबल ट्रस्ट, बनारी एवं श्री श्याम वेयरहाउसिंग एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड, बनारी के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम पंचायत पुटपुरा के गौठान परिसर में सोमवार को वृहद ‘हरित अभियान’ का आयोजन किया गया। अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता से 500 पौधों का पौधारोपण किया गया।

Advertisements


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय ने कहा कि पेड़ों में भी जीवन होता है, इसलिए केवल पौधे लगाना ही नहीं, उनका संरक्षण करना भी हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए पेड़-पौधों से जुड़े वैज्ञानिक तथ्यों की जानकारी दी और उन्हें पौधों को परिवार के सदस्य की तरह सहेजने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन जैसे अवसरों पर पौधों को राखी बांधकर उनके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। एसपी ने हरिलीला चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।


हरिलीला चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष लीलाधर सुल्तानिया ने कहा कि ट्रस्ट स्थापना काल से ही शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है। पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया जाता है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके।


ट्रस्ट के सचिव अमर सुल्तानिया ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि प्रत्येक छात्र अपने जीवन में कम से कम एक पौधे को वृक्ष बनने तक संरक्षित करने का संकल्प ले। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा भविष्य में हजारों लोगों को शुद्ध हवा, छाया और जीवन प्रदान करेगा। उन्होंने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले जिला वन विभाग, जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सभी सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत नवागढ़ अध्यक्ष कांता कश्यप, ग्राम पंचायत पुटपुरा की सरपंच सुचित्रा राठौर, ट्रस्ट के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्रामीण, शिक्षक, विद्यार्थी और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन साकेत तिवारी ने किया तथा प्रकाश शर्मा ने आभार प्रदर्शन किया। आयोजन के दौरान सभी प्रतिभागियों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button