Advertisement Carousel
छत्तीसगढ़सारंगढ़सारंगढ़ - बिलाईगढ़

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज़ से शैलेंद्र कुमार
जशपुर। जशपुर जिले के कुनकुरी और तपकरा थाना क्षेत्रों में दर्ज दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। दोनों मामलों में आरोप है कि आरोपियों ने शादी का झांसा देकर पीड़िताओं का यौन शोषण किया। एक प्रकरण में पीड़िता वयस्क महिला है, जबकि दूसरे मामले में नाबालिग बालिका से जुड़ा मामला होने के कारण पॉक्सो एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, कुनकुरी थाना क्षेत्र में 27 वर्षीय महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि पति की मृत्यु के बाद उसकी मुलाकात एक युवक से हुई, जिसने विवाह का भरोसा दिलाकर लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाए। महिला का आरोप है कि इस दौरान वह गर्भवती हुई और बच्चे को जन्म भी दिया, लेकिन बाद में आरोपी ने शादी से इंकार कर दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 के तहत मामला दर्ज कर 30 वर्षीय आरोपी सत्यनारायण राम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मामले की जांच जारी है।
वहीं तपकरा थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय नाबालिग बालिका के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 19 वर्षीय आदर्श भगत को गिरफ्तार किया। आरोप है कि आरोपी नाबालिग को मेला दिखाने के बहाने अपने साथ ले गया और विवाह का झांसा देकर तीन दिनों तक अपने पास रखा। इस दौरान उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। पीड़िता के घर लौटने के बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। जांच के दौरान घटना में प्रयुक्त हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों में त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की जा रही है। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button