Advertisement Carousel
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री ने श्री सत्य साई ग्राम का किया दौरा

कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री श्री रामविचार नेताम रविवार  को श्री सत्य साई ग्राम, मुद्देनहल्ली, चिक्कबल्लापुर (कर्नाटक) का दौरा किया।
मंत्री श्री नेताम ने अपने प्रवास के दौरान सद्गुरु श्री मधुसूदन साई जी, जो वन वर्ल्ड वन फैमिली मिशन के संस्थापक एवं वैश्विक मानवतावादी हैं, से भेंट की। सद्गुरु श्री मधुसूदन साई जी 100 से अधिक देशों में पोषण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में निःस्वार्थ सेवा और आध्यात्मिकता पर आधारित वैश्विक जनकल्याण अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं।
मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ के शासकीय विद्यालयों के बच्चों के लिए संचालित मॉर्निंग न्यूट्रिशन प्रोग्राम को और अधिक सशक्त बनाने हेतु सहयोग की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान इस बात पर विशेष बल दिया गया कि कोई भी बच्चा खाली पेट विद्यालय न जाए, तथा बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं शैक्षणिक उपलब्धियों में सुधार के लिए संयुक्त रूप से कार्य करने के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। मंत्री ने अत्याधुनिक साईश्योर एलएलपी न्यूट्रास्यूटिकल संयंत्र का भी अवलोकन किया, जहाँ वैज्ञानिक रूप से विकसित साईश्योर पोषण अनुपूरक का निर्माण किया जाता है। यह पोषण अनुपूरक श्री सत्य साई अन्नपूर्णा ट्रस्ट के मॉर्निंग न्यूट्रिशन प्रोग्राम के अंतर्गत उपयोग किया जाता है, जो वर्तमान में देशभर के 1 करोड़ (10 मिलियन) से अधिक शासकीय विद्यालयों के बच्चों तक पहुँच रहा है।
मंत्री श्री नेताम ने श्री सत्य साई ग्राम स्थित समेकित शिक्षा एवं स्वास्थ्य परिसरों, जिनमें शैक्षणिक संस्थान, मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल शामिल हैं, का भी भ्रमण किया। उन्होंने सद्गुरु श्री मधुसूदन साई जी के दूरदर्शी नेतृत्व में संचालित इस समग्र सेवा मॉडल की सराहना की तथा पोषण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की दिशा में मिशन द्वारा किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों की प्रशंसा करते हुए लाखों लोगों के जीवन में आए सकारात्मक परिवर्तन की सराहना की। यह दौरा छत्तीसगढ़ शासन एवं वन वर्ल्ड वन फैमिली मिशन के मध्य बच्चों के पोषण एवं समग्र विकास से संबंधित पहलों को आगे बढ़ाने के लिए सहयोग को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button