Advertisement Carousel
छत्तीसगढ़जशपुर नगर

जशपुर में पुलिस मितान सम्मेलन, 1000 स्वयंसेवकों को टी-शर्ट और डिजिटल क्यूआर स्टिकर वितरित

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज़ से शैलेंद्र कुमार

जशपुर। सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने और पुलिस व आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस द्वारा पुलिस मितान सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में थाना कुनकुरी, कांसाबेल, तपकरा, फरसाबहार तथा दोकड़ा, उपकछार और करडेगा क्षेत्र के लगभग 1000 पुलिस मितानों को टी-शर्ट एवं डिजिटल क्यूआर कोड स्टिकर वितरित किए गए।

Advertisements
Advertisements

जिले में वर्तमान में 5,012 पुलिस मितान कार्यरत हैं, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से टी-शर्ट और क्यूआर कोड स्टिकर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। प्रत्येक पुलिस मितान अपने वाहन पर क्यूआर कोड लगाएगा, जिसे स्कैन कर नागरिक संबंधित पुलिस मितान का नाम, संपर्क नंबर और अन्य आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इससे आपात स्थिति, सड़क दुर्घटना, साइबर अपराध, महिला एवं बाल सुरक्षा सहित अन्य मामलों में ग्रामीणों को त्वरित सहायता और पुलिस तक सूचना पहुंचाने में सुविधा मिलेगी।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि पुलिस मितान योजना पुलिस और समाज के बीच विश्वास बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बन रही है। उन्होंने पुलिस मितानों से सड़क सुरक्षा, साइबर जागरूकता, नशा मुक्ति, महिला एवं बाल सुरक्षा, मानव तस्करी, टोनही प्रताड़ना, गौ तस्करी तथा अन्य सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चलाने की अपील की।

Advertisements

उन्होंने कहा कि पुलिस मितानों की सक्रिय भागीदारी से अपराध नियंत्रण, सड़क दुर्घटनाओं में कमी और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही सभी स्वयंसेवकों से सेवा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्व निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में ग्राम कोटवारों से भी पुलिस मितानों के साथ समन्वय बनाकर गांवों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों की समय पर सूचना पुलिस तक पहुंचाने की अपील की गई।

यातायात डीएसपी के.आर. चौहान ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट के नियमित उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने राहवीर (गुड समैरिटन) योजना की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को शासन द्वारा प्रोत्साहन राशि और सम्मान प्रदान किया जाता है।

एसडीओपी कुनकुरी विनोद मंडावी तथा एसडीओपी जशपुर चंद्रशेखर परमा ने भी पुलिस मितानों से गांवों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा पुलिस और जनता के बीच मजबूत सेतु की भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा पर प्रस्तुतीकरण भी दिया गया। अंत में सभी पुलिस मितानों ने समाज सेवा, नशा मुक्ति, सड़क सुरक्षा और सुरक्षित जशपुर के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया। सम्मेलन में पुलिस अधिकारी, ग्राम कोटवार, पुलिस मितान एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button