Advertisement Carousel
Blog

जांजगीर-चांपा पुलिस की बड़ी सफलता, पाकिस्तान समर्थित स्लीपर सेल का संदिग्ध सदस्य गिरफ्तार

Advertisements

जांजगीर-चांपा पुलिस को किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने अकलतरा थाना क्षेत्र से एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है, जिस पर पाकिस्तान स्थित तत्वों से संपर्क में रहकर देश विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने का संदेह जताया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक की पहचान सेवक सिंह (23 वर्ष), पिता बलविंदर सिंह, निवासी पट्टी, थाना पट्टी, जिला तरनतारण (पंजाब) के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 350/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 152 एवं 61(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

Advertisements
Advertisements


पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान मिनीमाता चौक स्थित एक किराए के मकान में रह रहे व्यक्तियों का सत्यापन किया जा रहा था। इसी दौरान सेवक सिंह की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर उससे पूछताछ की गई।
पुलिस का दावा है कि आरोपी के मोबाइल फोन की जांच में पाकिस्तान, सऊदी अरब और अन्य विदेशी नंबरों से संपर्क के संकेत मिले हैं। प्रारंभिक जांच में व्हाट्सएप चैट, वीडियो कॉलिंग, कॉल रिकॉर्डिंग तथा अन्य डिजिटल साक्ष्य भी सामने आए हैं। मोबाइल फोन को जब्त कर फोरेंसिक परीक्षण के लिए भेजा गया है।


जांच एजेंसियों के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया एवं मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से विदेशी संपर्कों से जुड़ा हुआ था। पुलिस को संदेह है कि संवेदनशील स्थानों, महत्वपूर्ण व्यक्तियों तथा अन्य सूचनाओं का आदान-प्रदान किया गया हो सकता है। हालांकि इन तथ्यों की पुष्टि विस्तृत जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने यह भी आशंका व्यक्त की है कि आरोपी को हथियार उपलब्ध कराए जाने तथा लक्षित हमलों की साजिश से जुड़े निर्देश मिलने की संभावना की जांच की जा रही है। फिलहाल इस संबंध में कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है और जांच जारी है।
पुलिस एवं अन्य सुरक्षा एजेंसियां आरोपी के संपर्क सूत्रों, डिजिटल नेटवर्क तथा संभावित सहयोगियों की पहचान में जुटी हुई हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
प्रकरण विवेचनाधीन है तथा आने वाले दिनों में जांच के आधार पर और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की संभावना जताई जा रही है।

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button