Advertisement Carousel
Blog

01 माह के बच्चे की चोरी का खुलासा: जशपुर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद किया, महिला आरोपी गिरफ्तार

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज से शैलेंद्र कुमार

जशपुर। जशपुर जिले में एक माह के मासूम बच्चे की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के इस संवेदनशील मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चे को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया है। वहीं घटना में शामिल महिला आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Advertisements

जानकारी के अनुसार, बच्चे की मां की तबीयत खराब होने के कारण उसे उपचार हेतु जिला अस्पताल जशपुर में भर्ती कराया गया था। इसी दौरान अस्पताल में घूम रही एक महिला ने बच्चे के परिजनों से परिचय बढ़ाकर उनका विश्वास जीत लिया। महिला ने बच्चे की बीमारी का झाड़-फूंक से इलाज कराने का झांसा दिया और परिवार के करीब पहुंच गई।

बताया जा रहा है कि आरोपी महिला तारा बाई ने बच्चे की मां और दादी को खाना खिलाने के बहाने बस स्टैंड के पास स्थित एक होटल में ले गई। जब परिजन भोजन कर रहे थे, उसी दौरान वह बच्चे को गोद में लेकर वहां से फरार हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही थाना सिटी कोतवाली जशपुर में अज्ञात महिला के विरुद्ध बीएनएस की धारा 137(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस को अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज से संदिग्ध महिला की तस्वीर मिली। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई तलाश के आधार पर पुलिस टीम आरोपी तक पहुंची। पुलिस ने दातुनपानी निवासी तारा बाई (35 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी तीन शादियां हो चुकी हैं। पहले पति से अलग होने के बाद हुई दो अन्य शादियों से उसे संतान नहीं हुई। कुछ समय पहले उसका गर्भपात हो गया था, जिसके कारण वह मानसिक रूप से परेशान थी और बच्चा पाने की चाह में अस्पतालों के आसपास घूमती रहती थी। इसी दौरान उसकी नजर एक माह के बच्चे पर पड़ी और उसने योजनाबद्ध तरीके से परिवार का विश्वास जीतकर बच्चे का अपहरण कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मासूम बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया और परिजनों को सौंप दिया। मामले में बीएनएस की धारा 140(3) भी जोड़ते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

जशपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सतर्क जांच के चलते एक मासूम सुरक्षित अपने परिवार तक लौट सका, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली है।

Advertisements
First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button