Advertisement Carousel
Blog

“तमनार में 2 लाख की उठाईगिरी का खुलासा, जशपुर से नट गिरोह का शातिर सदस्य गिरफ्तार”

Advertisements

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज़ से ललिता बरेठ

Advertisements

तमनार में 2 लाख की उठाईगिरी का खुलासा, जशपुर से शातिर आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़, तमनार क्षेत्र में बैंक से पैसे निकालकर लौट रहे ग्रामीण की मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़कर 2 लाख रुपये चोरी करने वाले गिरोह का रायगढ़ पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। मामले में पुलिस ने जशपुर जिले से एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, चोरी की रकम से खरीदी गई नई बाइक तथा डिक्की तोड़ने में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए गए हैं।

Advertisements


जानकारी के अनुसार, 8 जून को ग्राम गौरबहरी निवासी 60 वर्षीय लोकेश्वर पटेल ने तमनार स्थित अपेक्स बैंक से 2 लाख रुपये निकालकर अपनी मोटरसाइकिल की डिक्की में रखे थे। तहसील कार्यालय में कार्य के दौरान कुछ ही मिनटों में अज्ञात चोरों ने डिक्की तोड़कर नकदी पार कर दी थी। शिकायत के आधार पर तमनार पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने बैंक एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। जांच में नट गिरोह के सदस्यों की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने जशपुर जिले में लगातार सात दिनों तक कैंप कर आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी।


पुलिस की घेराबंदी के दौरान पत्थलगांव क्षेत्र के ग्राम झक्कड़पुर निवासी धर्मेन्द्र मीणा उर्फ धर्मेन्द्र नट (40 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी विशाल उर्फ हरि नट के साथ मिलकर बैंक से निकले लोगों की रेकी करने और मौका पाकर डिक्की तोड़कर रुपये चोरी करने की बात स्वीकार की।


आरोपी ने बताया कि चोरी की गई रकम का बंटवारा किया गया था और उसके हिस्से में आए एक लाख रुपये से उसने नई टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल खरीदी थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बाइक, नई खरीदी गई अपाचे मोटरसाइकिल तथा डिक्की तोड़ने वाले लोहे के औजार जब्त किए हैं। बरामद संपत्ति की कुल कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस उठाईगिरी, लूट और संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध पेशेवर ढंग से कार्रवाई कर रही है। उन्होंने नागरिकों से बैंक से बड़ी राशि निकालने के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि उसके फरार साथियों की तलाश जारी है।

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button