Advertisement Carousel
छत्तीसगढ़जशपुर नगर

बारिश में बदहाल सड़क बनी मुसीबत, स्कूल जाने वाले बच्चों की बढ़ी परेशानी

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज़ से शैलेंद्र कुमार

Advertisements

भालूमुण्डा से मकरीबँधा चौक तक सड़क पर पसरा कीचड़, ग्रामीणों ने पक्की सड़क की मांग की

फरसाबहार। बारिश के मौसम में ग्रामीण क्षेत्रों की बदहाल सड़कों की स्थिति लोगों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। भालूमुण्डा से मकरीबँधा चौक तक जाने वाली सड़क भी इन दिनों कीचड़ और फिसलन से जूझ रही है। इसी मार्ग से प्रतिदिन स्कूली बच्चे अंकिरा क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों में पढ़ाई के लिए आते-जाते हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण बच्चों को स्कूल पहुंचने और वापस घर लौटने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

Advertisements
Advertisements

बारिश होते ही सड़क पर जगह-जगह पानी और कीचड़ जमा हो जाता है। कई स्थानों पर सड़क की मिट्टी बह जाने से गड्ढे और उबड़-खाबड़ रास्ते बन गए हैं। तस्वीर में भी सड़क की बदहाल स्थिति साफ नजर आ रही है। पैदल चलने वाले बच्चों को कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे उनके कपड़े और स्कूल ड्रेस खराब होने के साथ ही फिसलकर गिरने का खतरा भी बना रहता है।
अभिभावकों को बच्चों को छोड़ने जाना पड़ रहा
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि छोटे स्कूली बच्चों को अकेले स्कूल भेजना मुश्किल हो गया है। कई अभिभावक मजबूरी में बच्चों को स्कूल छोड़ने और छुट्टी के बाद वापस घर लाने जा रहे हैं। इससे अभिभावकों का अतिरिक्त समय भी खर्च हो रहा है।

दोपहिया वाहन चालकों को भी दुर्घटना का डर

सड़क पर कीचड़ और फिसलन के कारण दोपहिया वाहन चालकों के लिए भी आवागमन जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों के मुताबिक बारिश के दौरान बाइक के फिसलने की आशंका बनी रहती है। सड़क पर बने गड्ढों और कीचड़ के कारण कई बार वाहन चालकों को संतुलन बनाने में परेशानी होती है।

मरम्मत के आश्वासन के बाद भी समस्या बरकरार

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की समस्या को लेकर कई बार सरपंच और सचिव को इसकी जानकारी दी गई। ग्रामीणों के अनुसार उन्हें रोजगार गारंटी योजना के तहत सड़क की मरम्मत कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक सड़क की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई गुहार

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि भालूमुण्डा से मकरीबँधा चौक तक सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए। बारिश के दौरान कीचड़ और जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए उचित जल निकासी की व्यवस्था भी की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से स्कूली बच्चों के साथ-साथ बड़ी संख्या में लोग रोजाना आवागमन करते हैं, इसलिए केवल अस्थायी मरम्मत के बजाय स्थायी समाधान के रूप में पक्की सड़क का निर्माण कराया जाना जरूरी है। इससे बारिश के मौसम में बच्चों और ग्रामीणों को होने वाली परेशानी से राहत मिल सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button