Advertisement Carousel
छत्तीसगढ़जशपुर नगर

कुनकुरी में 11 अगस्त को निकलेगी 1700 फीट लंबी भव्य तिरंगा यात्रा

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज़ से शैलेंद्र कुमार

लोयोला कॉलेज परिसर से शुरू होकर जय स्तंभ पर सभा में बदलेगी यात्रा, छात्र-छात्राओं से लेकर जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और प्रशासनिक अधिकारी होंगे शामिल

कुनकुरी। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में कुनकुरी नगर में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने वाली 1700 फीट लंबी भव्य तिरंगा यात्रा 11 अगस्त 2026  दिन सोमवार को निकाली जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के अतिथ्य में आयोजित होने वाली यह यात्रा लोयोला कॉलेज परिसर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जय स्तंभ पहुंचेगी, जहां यात्रा एक भव्य सभा में परिवर्तित होगी।

यात्रा में कुनकुरी नगर सहित पूरे क्षेत्र से बड़ी संख्या में नागरिक शामिल होंगे। विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी भी इस आयोजन में सहभागी होंगे। नगर के प्रमुख मार्गों से 1700 फीट लंबे तिरंगे के साथ निकलने वाली यह यात्रा पूरे कुनकुरी को देशभक्ति के रंग में रंगती नजर आएगी।

2021 से निरंतर हो रही तिरंगा यात्रा

सामाजिक कार्यकर्त्ता दीपक हेडा ने बताया कि कुनकुरी में यह तिरंगा यात्रा वर्ष 2021 से निरंतर आयोजित होती आ रही है। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य केवल तिरंगे के साथ नगर भ्रमण करना नहीं, बल्कि देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना तथा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ावा देना है।

उन्होंने कहा कि विशेष रूप से छात्र-छात्राओं और युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करने के लिए यह यात्रा बेहद महत्वपूर्ण है। जब विद्यार्थी और युवा हाथों में तिरंगा लेकर एक साथ राष्ट्रगान, देशभक्ति के नारों और राष्ट्रीय भावना के साथ आगे बढ़ते हैं, तो इससे समाज में एकता और देश के प्रति समर्पण का संदेश जाता है।

नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी यात्रा

1700 फीट लंबे तिरंगे के साथ यात्रा लोयोला कॉलेज परिसर से प्रारंभ होकर कुनकुरी नगर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करेगी। यात्रा के दौरान नगरवासियों द्वारा जगह-जगह स्वागत किए जाने की तैयारी है। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, युवाओं और नागरिकों की सहभागिता से नगर में देशभक्ति का माहौल बनेगा।

आयोजन का उद्देश्य राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना को मजबूत करना तथा युवा पीढ़ी को देश के प्रति अपने कर्तव्यों से जोड़ना है।

सुनील अग्रवाल होंगे संयोजक

भव्य तिरंगा यात्रा के संयोजक सुनील अग्रवाल रहेंगे। आयोजन को सफल बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों से संपर्क कर अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

जय स्तंभ पर होगी भव्य सभा

नगर भ्रमण के बाद तिरंगा यात्रा जय स्तंभ पहुंचेगी, जहां यात्रा एक भव्य सभा में परिवर्तित होगी। सभा में देश की स्वतंत्रता, राष्ट्रीय एकता, राष्ट्रप्रेम और युवा शक्ति की भूमिका सहित विभिन्न विषयों पर वक्ताओं द्वारा संबोधन किया जाएगा।

आयोजकों ने नगर एवं क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर 1700 फीट लंबे तिरंगे के साथ चलें और राष्ट्र के प्रति अपनी एकजुटता एवं सम्मान प्रदर्शित करें। आयोजकों के अनुसार यह यात्रा पूरे क्षेत्र के लिए देशभक्ति, एकता और राष्ट्रप्रेम का उत्सव बनेगी।

Advertisements

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button