Advertisement Carousel
Blog

ऑपरेशन क्लीन हंट: क्रिकेट सट्टा कारोबार से जुड़ा आरोपी दबोचा गया

Advertisements

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज़ से ललिता बरेठ

Advertisements

ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह पर रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फरार आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ पुलिस के “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में चौकी खरसिया पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी सुभेष अग्रवाल (39 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी आईपीएल सहित अन्य क्रिकेट मैचों में ऑनलाइन सट्टा संचालन करने वाले गिरोह का सक्रिय सदस्य था और सट्टे से जुड़े रुपये के लेन-देन एवं हिसाब-किताब का कार्य संभालता था। आरोपी के कब्जे से सट्टा संचालन में प्रयुक्त मोटारोला G60 Pro मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

Advertisements


पहले भी हुई थी कार्रवाई
मामले में 29 अप्रैल 2025 को थाना साइबर एवं चौकी खरसिया की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अंकित अग्रवाल (37 वर्ष) को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से Samsung Galaxy S22 मोबाइल फोन और 21 हजार रुपये नकद बरामद किए गए थे। जांच के दौरान मोबाइल में ALLPANELEXCH और ALLPANELEXCH 9-CO नामक व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किए जाने के साक्ष्य मिले थे।
पूछताछ में अंकित अग्रवाल ने खुलासा किया था कि वह अमित अग्रवाल और सुभेष अग्रवाल के साथ मिलकर ऑनलाइन सट्टा कारोबार संचालित करता था। तीनों आरोपी व्हाट्सएप के जरिए सट्टेबाजों से संपर्क कर क्रिकेट मैचों पर हार-जीत का दांव लगवाते थे।


एक आरोपी अब भी फरार
इस मामले में चौकी खरसिया में अपराध क्रमांक 203/2025 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 एवं 7 के तहत अपराध दर्ज किया गया था। अंकित अग्रवाल को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अब सुभेष अग्रवाल भी पुलिस गिरफ्त में है। मामले का एक अन्य आरोपी अमित अग्रवाल अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
एसएसपी का सख्त संदेश
रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑनलाइन सट्टा जैसे संगठित अपराधों में शामिल फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे अवैध कारोबार से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी में चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button