Advertisement Carousel
छत्तीसगढ़

बसना में पत्रकारों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी पर बवाल, एसपी को सौंपा ज्ञापन

Ad

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज से राजू कीर्ति चौहान

बसना। बसना थाना क्षेत्र में पत्रकारों के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना से आक्रोशित पत्रकारों ने पहले थाना में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से नाराज पत्रकारों ने सामूहिक रूप से पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार, 6 फरवरी को हरिश्चंद्र दास पिता सर्वजीत दास द्वारा सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो और पोस्ट में पत्रकारों के लिए अशोभनीय और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया। पोस्ट में पत्रकारों को “दलाल” और “फर्जी पत्रकार” जैसे शब्दों से संबोधित किया गया, जिससे पत्रकार समुदाय में भारी आक्रोश फैल गया।

घटना के विरोध में बसना क्षेत्र के पत्रकारों ने उसी दिन बसना थाना पहुंचकर लिखित शिकायत देते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। पत्रकारों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उनका कहना है कि थाना प्रभारी शरद दुबे द्वारा बिना विधिवत जांच के केवल 107/116 की कार्रवाई की बात कही जा रही है, जबकि मूल शिकायत पर स्पष्ट और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इस संबंध में पूछे जाने पर थाना प्रभारी द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिए जाने की भी बात सामने आई है।

थाना स्तर पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज पत्रकारों ने एकजुट होकर महासमुंद स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एसपी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई, ताकि भविष्य में पत्रकारों की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

इस दौरान संघ के प्रदेश अध्यक्ष सेवक दास दीवान, प्रदेश सचिव आर.के. दास, ब्लॉक अध्यक्ष अरुण साहू, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रकाश सिंहा एवं उत्तर कौशिक, जिला अध्यक्ष गेंददास मानिकपुरी, उपाध्यक्ष अभय द्वितलहरे, जिला उपाध्यक्ष प्रकाश पटेल एवं इब्राहिम कादरी, ब्लॉक सचिव बसंत साहू, संगठन सचिव फिरोज खान, ब्लॉक मीडिया प्रभारी दीपक जगत, दशरथी चौहान, जीत यादव, देशराज दास, मनहारण सोनवानी, गौरीशंकर मानिकपुरी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

पत्रकारों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द ही दोषी के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज की आवाज होता है और उसकी गरिमा के साथ इस प्रकार का व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Advertisements
Ad जय मेडिकल स्टोर स्थान: भारत माता चौक बिलासपुर रोड सारंगढ़
First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button