शराब के लिए पैसे नहीं देने पर घर में घुसकर महिला से मारपीट, डायल 112 वाहन पर कुल्हाड़ी से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार
सरकंडा पुलिस ने फावड़ा और कुल्हाड़ी किया जब्त, आरोपी आदतन बदमाश, कई आपराधिक मामले हैं दर्ज
बिलासपुर। थाना सरकंडा क्षेत्र के ग्राम नगोई में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर पड़ोसी के घर में घुसकर महिला से मारपीट, गाली-गलौज और तोड़फोड़ करने के बाद डायल 112 पुलिस वाहन पर कुल्हाड़ी से हमला करने वाले आरोपी को सरकंडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त फावड़ा और कुल्हाड़ी जब्त की है। आरोपी के विरुद्ध पहले से भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज बताए गए हैं। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 24 नवंबर 2026 की दोपहर करीब 12 बजे ग्राम नगोई मेन रोड स्कूल चौक की है। प्रार्थिया नेहा महेश्वरी अपने घर पर मौजूद थीं। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला आरोपी निखिल महेश्वरी उर्फ समीर महेश्वरी (28 वर्ष) शराब पीने के लिए पैसे मांगने घर में जबरन घुस गया। महिला द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों व थप्पड़ों से मारपीट की। इतना ही नहीं, घर में रखे फावड़े से दरवाजे में तोड़फोड़ कर महिला को मारने के लिए दौड़ाया।
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वाहन क्रमांक CG03A2462 में तैनात आरक्षक मनीराम साहू और चालक पालेश्वर नायक ने विवाद शांत कराने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपी दौड़कर घर के अंदर गया और कुल्हाड़ी लेकर बाहर आया। उसने पुलिसकर्मियों को अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और उन पर हमला करने के लिए दौड़ाया। इसके बाद आरोपी ने कुल्हाड़ी से डायल 112 वाहन के सामने और बाईं ओर के कांच पर हमला कर शासकीय वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।
मामले में महिला की रिपोर्ट पर थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 1718/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया गया। वहीं डायल 112 के आरक्षक की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 1719/2026 के तहत शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने तथा लोक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के संबंध में अलग से अपराध पंजीबद्ध किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। विवेचना के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, नुकसानी पंचनामा और आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने घटना स्वीकार की, जिसके बाद उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त फावड़ा और कुल्हाड़ी जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी निखिल महेश्वरी उर्फ समीर महेश्वरी, निवासी ग्राम नगोई स्कूल चौक, सरकंडा, बिलासपुर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है।
पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने, महिलाओं के साथ मारपीट करने और पुलिस के शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

