मतदान के महत्व और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति विद्यार्थियों को किया जागरूक
जिला स्तरीय निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह, विजेताओं को मिला स्थान
जांजगीर-चांपा, 26 नवंबर 2026। भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ रायपुर के निर्देशानुसार विद्यार्थियों में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ विकसित करने के उद्देश्य से शासकीय जाज्वल्यदेव नवीन कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जांजगीर में जिला स्तरीय निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों सहित महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों से निर्वाचन प्रक्रिया, मताधिकार, मतदान के महत्व और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े सवाल पूछे गए। वहीं निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ‘लोकतंत्र में मतदान का महत्व’, ‘जागरूक मतदाता’ एवं ‘मजबूत लोकतंत्र’ जैसे विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतंत्र में नागरिकों की जिम्मेदारी, निष्पक्ष मतदान और निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के महत्व की जानकारी दी गई।
निबंध प्रतियोगिता के विजेता
निबंध लेखन प्रतियोगिता में अवन्तिका गोस्वामी ने प्रथम, भूमिका पटेल ने द्वितीय, नीलम आदित्य ने तृतीय, नाजमीन खातून ने चतुर्थ तथा आयोग मिश्रा ने पंचम स्थान प्राप्त किया।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेता
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में अंकिता बृजवानी ने प्रथम, आरूष थवाईत ने द्वितीय, तिरवेन्द्र देवांगन ने तृतीय, प्रतीक्षा चौरसिया ने चतुर्थ तथा सौरभ तिवारी ने पंचम स्थान हासिल किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य जी.आर. पाटले, निर्वाचन साक्षरता क्लब की नोडल अधिकारी डॉ. हरप्रीत कौर सहित जिला निर्वाचन कार्यालय जांजगीर-चांपा के कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को जागरूक मतदाता बनने के लिए प्रेरित करना तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका के प्रति सजग करना रहा।

