
देवरघटा धान उपार्जन केंद्र में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ
समिति अध्यक्ष सुरेश चन्द्र सहित जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में शुरू हुई खरीदी, किसानों की सुविधा के लिए प्रशासन ने किए आवश्यक इंतजाम
सक्ती, । जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी अभियान के तहत सेवा सहकारी समिति मर्यादित देवरघटा के धान उपार्जन केंद्र में बुधवार को विधिवत धान खरीदी कार्य का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष सुरेश चन्द्र, ग्राम देवरघटा के सरपंच गेंद राम साहू एवं ग्राम कानाकोट के सरपंच पारसमणि गवेल विशेष रूप से उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में खरीदी प्रक्रिया प्रारंभ की गई।

धान खरीदी के शुभारंभ अवसर पर समिति के कर्मचारी, क्षेत्र के किसान एवं गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। इस दौरान किसानों में धान विक्रय को लेकर उत्साह देखने को मिला।
उल्लेखनीय है कि शासन के निर्देशानुसार जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य 15 जनवरी 2027 तक संचालित किया जाएगा। किसानों को उपार्जन केंद्रों में धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी, तौल एवं अन्य जरूरी सुविधाओं को व्यवस्थित रूप से संचालित किया जा रहा है, ताकि किसान बिना किसी असुविधा के अपनी उपज का विक्रय कर सकें। प्रशासन द्वारा खरीदी प्रक्रिया को सुचारू एवं व्यवस्थित बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
