चोरी हुए 1945 के कलश की जगह मंदिर में स्थापित हुआ नया कलश, अकलतरा पुलिस ने साउंड सिस्टम भी किया भेंट
पचरी सतनाम मंदिर में फिर गूंजेंगे भजन-कीर्तन, पुलिस की मानवीय पहल की क्षेत्र में हो रही सराहना
जांजगीर-चांपा। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र के ग्राम पचरी स्थित सतनाम मंदिर में चोरी हुए ऐतिहासिक कलश की जगह अब नया कलश स्थापित किया जाएगा। सतनाम समाज के प्रमुख आस्था केंद्र और भारत के पांचवें सतनाम तीर्थ स्थल के रूप में प्रसिद्ध इस मंदिर की धार्मिक गरिमा और मूल स्वरूप को पुनः सुदृढ़ करने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस ने सराहनीय पहल की है। अकलतरा पुलिस की ओर से मंदिर को नया कलश और भजन-कीर्तन के लिए एम्पलीफायर सहित साउंड सिस्टम सप्रेम भेंट किया गया है।
उल्लेखनीय है कि ग्राम पचरी स्थित सतनाम मंदिर के गुंबद में वर्ष 1945 में कलश स्थापित किया गया था। कुछ समय पूर्व इस ऐतिहासिक कलश की चोरी होने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले में अकलतरा पुलिस ने 10 नवंबर 2026 को ग्राम पचरी में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया कि मंदिर के गुंबद में लगे कलश को खंडित कर उसका स्वरूप बदल दिया गया था। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है।
घटना के बाद मंदिर की धार्मिक और सामाजिक महत्ता को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक जय कुमार साहू ने विशेष पहल की।
इसी क्रम में अकलतरा पुलिस द्वारा मंदिर के गुंबद के लिए नया कलश तथा धार्मिक आयोजनों, भजन-कीर्तन और उपदेश कार्यक्रमों के संचालन के लिए एम्पलीफायर सहित साउंड सिस्टम मंदिर को भेंट किया गया। थाना प्रभारी जय कुमार साहू ने यह सामग्री ग्राम पचरी सतनाम मंदिर के राजमहंत श्री कीर्तनलाल भारद्वाज को सौंपी।
इस अवसर पर मेला समिति पचरी धाम के सुनील भारद्वाज, अध्यक्ष निक्कू कुमार पटेल, संयोजक सुरेन्द्र लहरे, सलाहकार एवं प्रवक्ता सूरज भारती, स्वर्ण पाटले, सुरेश भारद्वाज, महेश केशकर सहित डॉ. अंबेडकर युवा संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पुलिस की इस पहल पर सतनाम मंदिर के पदाधिकारियों एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने आभार व्यक्त किया। इस पहल से न केवल मंदिर के धार्मिक स्वरूप को संवारने में सहयोग मिलेगा, बल्कि श्रद्धालुओं की आस्था को भी नया संबल मिलेगा।
अपराध नियंत्रण के साथ सामाजिक सरोकारों और जनसेवा के क्षेत्र में जांजगीर-चांपा पुलिस की यह पहल सराहनीय मानी जा रही है।

