7100 दीपों की रोशनी से जगमगाया ऐतिहासिक नकटा मंदिर, गोवर्धन गिरधारी की दिव्य छवि ने मोहा मन
जांजगीर-चांपा। जिले के ऐतिहासिक एवं धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र विष्णु मंदिर (नकटा मंदिर) में दीपों की अनुपम छटा ने श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत वातावरण निर्मित कर दिया। अवसर था गोवर्धन उत्सव का, जहां भगवान गोवर्धन गिरधारी की आकर्षक छवि को 7100 प्रज्ज्वलित दीपों से सजाया गया। दीपों की जगमगाहट के बीच भगवान की दिव्य छवि देखते ही बन रही थी।
इस भव्य दीपोत्सव का आयोजन मित्र परिवार के सदस्यों द्वारा सामूहिक सहभागिता और पूरे उत्साह के साथ किया गया। मंदिर परिसर में एक साथ हजारों दीप प्रज्ज्वलित होते ही पूरा वातावरण रोशनी से नहा उठा। दीपों से सजी भगवान गोवर्धन गिरधारी की मनमोहक आकृति श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी रही।
आयोजन की विशेषता यह रही कि मित्र परिवार के सभी भाइयों ने एकजुट होकर इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाया। सामूहिक प्रयास, आपसी सहयोग और भगवान के प्रति अटूट श्रद्धा ने इस दीपोत्सव को यादगार बना दिया। दीपों की रोशनी ने न केवल मंदिर परिसर की सुंदरता बढ़ाई, बल्कि भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और सामाजिक एकता का संदेश भी दिया।
ऐतिहासिक नकटा मंदिर में आयोजित इस अनूठी दीप सज्जा ने एक बार फिर जिले की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया। भक्ति, उल्लास और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर इस आयोजन ने लोगों के मन में विशेष छाप छोड़ी। 7100 दीपों से सजी गोवर्धन गिरधारी की छवि लंबे समय तक इस भव्य आयोजन की याद दिलाती रहेगी।



