खरसिया बस स्टैंड चाकूबाजी मामले में फरार आरोपी फहीम अख्तर गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फैज खान अब भी फरार
पूर्व रंजिश के चलते युवक पर किया गया था जानलेवा हमला, पुलिस की लगातार दबिश के बाद नागपुर से लौटे आरोपी को खरसिया में दबोचा
रायगढ़। खरसिया के नया बस स्टैंड के पास युवक के साथ मारपीट और चाकूबाजी कर जानलेवा हमला करने के मामले में खरसिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी फहीम अख्तर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। बिलासपुर से नागपुर जाने के बाद रायगढ़ लौटकर खरसिया स्थित अपने घर पहुंचने की कोशिश कर रहा था, इसी दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। मामले का दूसरा आरोपी फैज खान अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना 30 अक्टूबर 2026 की दोपहर करीब 3 बजे खरसिया के नया बस स्टैंड के पास की है। यहां ईशान पेशवानी और फैज खान व फहीम अख्तर के बीच गाली-गलौज और विवाद हो रहा था। इस पर ईशान ने अपने परिचित अजय राजपूत (25 वर्ष) को फोन कर घटना की जानकारी दी। अजय मौके पर पहुंचा और विवाद शांत कराने का प्रयास करने लगा।
इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर दोनों आरोपियों ने अजय के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। जब अजय अपनी जान बचाकर वहां से भागने लगा तो दोनों ने उसका पीछा किया। फहीम अख्तर ने उसे पकड़ लिया, जबकि फैज खान ने अपने पास रखे धारदार चाकू से उस पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल अजय को ईशान पेशवानी उपचार के लिए शासकीय अस्पताल खरसिया लेकर पहुंचा। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर कर दिया।
मामले में ममता ठाकुर की लिखित शिकायत पर 31 अक्टूबर को पुलिस चौकी खरसिया, थाना खरसिया में अपराध क्रमांक 569/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3), 109, 118(1) एवं 3(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। घटना के बाद से ही पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
खरसिया पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी फहीम अख्तर खरसिया पहुंचा है। इस पर चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने फैज खान के साथ मिलकर अजय राजपूत से मारपीट करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि वारदात के बाद दोनों बिलासपुर से नागपुर चले गए थे। वहां से रायगढ़ लौटने के बाद वह छिपते हुए खरसिया स्थित अपने घर जाने की फिराक में था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी फहीम अख्तर, पिता शकील अख्तर, उम्र 23 वर्ष, निवासी हनुमान चौक खरसिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं, फरार आरोपी फैज खान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तलाश और दबिश लगातार जारी है।

गिरफ्तारी में इनकी रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, सहायक उपनिरीक्षक मनोज पटेल, प्रधान आरक्षक अनंत तिवारी, आरक्षक साविल चंद्रा एवं आरक्षक सिदार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
खरसिया बस स्टैंड में हुई चाकूबाजी की इस घटना में एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस की नजर फरार मुख्य आरोपी फैज खान पर है।


