शराब के नशे में गाली-गलौच और विवाद से परेशान पिता ने बेटे की टंगिया मारकर की हत्या, 71 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम डिघोरा की घटना, पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त टंगिया किया बरामद, आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया
जांजगीर-चांपा। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम डिघोरा में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शराब पीकर आए दिन घर में गाली-गलौच और विवाद करने वाले बेटे की हरकतों से नाराज 71 वर्षीय पिता ने टंगिया से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मामले में मुलमुला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टंगिया भी उसके कब्जे से बरामद कर जब्त कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना 9 नवंबर 2026 की रात की है। ग्राम डिघोरा में एक व्यक्ति की हत्या की सूचना मिलने पर मुलमुला पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की पहचान रावेन्द्र सिंह मंडावी, पिता दिलहरण मंडावी, निवासी ग्राम डिघोरा के रूप में हुई। सूचक की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 482/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन में मुलमुला पुलिस ने जांच तेज की। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, परिस्थितिजन्य तथ्यों और गवाहों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मृतक के पिता दिलहरण मंडावी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी पिता ने अपने पुत्र की हत्या करना स्वीकार किया। उसने बताया कि उसका पुत्र शराब पीने का आदी था और आए दिन नशे की हालत में घर में गाली-गलौच करते हुए विवाद करता था। इसी बात को लेकर पिता नाराज रहता था। घटना की रात भी इसी पारिवारिक तनाव और आक्रोश के चलते उसने टंगिया से अपने पुत्र पर प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल टंगिया बरामद कर विधिवत जब्त किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलहरण मंडावी, पिता स्वर्गीय छेदू मंडावी, उम्र 71 वर्ष, निवासी ग्राम डिघोरा, थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

त्वरित कार्रवाई में इनकी रही भूमिका
हत्या के मामले का शीघ्र खुलासा करने और आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी मुलमुला निरीक्षक शिवानंद सिंह, PSI रितेष परमा, सहायक उपनिरीक्षक नजीर हुसैन, प्रधान आरक्षक अमृत सूर्या, रुद्रनारायण कश्यप, आरक्षक ओमप्रकाश डहरिया, देव मरकाम एवं महिला आरक्षक श्वेता सिंह का सराहनीय योगदान रहा।
लगातार घरेलू विवाद का खौफनाक अंत: ग्राम डिघोरा की इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक विवाद के गंभीर और दुखद परिणामों को सामने ला दिया है। फिलहाल आरोपी जेल में है और पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।


