सतनाम मंदिर के 80 साल पुराने गुंबज कलश चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
अकलतरा पुलिस ने जंगल से बरामद किया प्राचीन कलश, शराब पीने के लिए पैसे जुटाने की नीयत से की थी चोरी
जांजगीर-चांपा। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र के ग्राम पचरी स्थित ऐतिहासिक सतनाम मंदिर से प्राचीन गुंबज कलश चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए गांव के ही 28 वर्षीय आरोपी शुभम शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर चोरी गया प्राचीन कलश कटनई प्रहरी जंगल से बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

ग्राम पचरी स्थित सतनाम मंदिर भारत के पांचवें सतनाम तीर्थ स्थल के रूप में प्रसिद्ध है। मंदिर के गुंबज पर स्थापित कलश वर्ष 1945 के आसपास लगाया गया था, जिसका सतनाम समाज के लिए धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व रहा है। बीते 17-18 अक्टूबर की दरमियानी रात अज्ञात चोर ने मंदिर से इस प्राचीन कलश को चोरी कर लिया था। घटना सामने आने के बाद सतनाम समाज में नाराजगी का माहौल था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलेन्डन यार्क के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में पुलिस ने जांच शुरू की। गांव में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था नहीं होने के कारण पुलिस ने स्थानीय स्तर पर मुखबिरों और सूत्रों के माध्यम से लगातार जानकारी जुटाई।
र
जांच के दौरान पुलिस को ग्राम पचरी निवासी शुभम शर्मा पर संदेह हुआ। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। पूछताछ में उसने बताया कि वह शराब पीने का आदी है और घटना की रात उसके पास शराब खरीदने के लिए पैसे नहीं थे। इसी वजह से उसने तालाब के पास स्थित मंदिरों के कलश चोरी करने की योजना बनाई। शिव मंदिर का कलश अधिक ऊंचाई पर होने के कारण उसने पास में स्थित गुरु घासीदास बाबा के मंदिर के गुंबज पर चढ़कर कलश निकाल लिया।
आरोपी ने बताया कि रात अधिक हो जाने के कारण वह कलश को बेच नहीं पाया और न ही घर ले जा सका। इसके बाद उसने चोरी के कलश को कटनई प्रहरी जंगल में छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर गवाहों की मौजूदगी में कलश बरामद कर विधिवत जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी शुभम शर्मा पिता हरिशंकर शर्मा, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम पचरी के विरुद्ध धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत कार्रवाई करते हुए 10 नवंबर को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक जय कुमार साहू, प्रधान आरक्षक नितिन चंदवंशी, आरक्षक अंजनी कश्यप, आरक्षक बाल्मिकी राठौर एवं साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्राचीन धार्मिक धरोहर की बरामदगी से सतनाम समाज को राहत मिली है। अकलतरा पुलिस की इस कार्रवाई से मंदिर से चोरी हुए ऐतिहासिक कलश की वापसी का रास्ता साफ हुआ है।


