Advertisement Carousel
Add
Blog

ऑपरेशन आघात : अवैध शराब के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई

Ad

Advertisements

ऑपरेशन आघात : अवैध शराब के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई
कोतरारोड़ और जूटमिल पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा, 18 लीटर महुआ शराब और बाइक जब्त

Advertisements


रायगढ़, जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। थाना कोतरारोड़ और थाना जूटमिल पुलिस ने अलग-अलग मामलों में अवैध महुआ शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 18 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की। जूटमिल पुलिस ने शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है। दोनों मामलों में आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
कोसमपाली में 10 लीटर महुआ शराब बरामद
थाना कोतरारोड़ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कोसमपाली निवासी दिलीप कुमार चौहान (38) अपने घर के पास गली में महुआ शराब रखकर बिक्री के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य के निर्देश पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की।
पुलिस ने मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर दिलीप कुमार चौहान को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 40 प्लास्टिक पाउच में कुल 10 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। शराब को गवाहों की मौजूदगी में जब्त कर आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।

Advertisements


इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र भगत, आरक्षक मनोज यादव एवं बंशीलाल रात्रे की भूमिका रही।
जूटमिल पुलिस ने 8 लीटर शराब के साथ बाइक जब्त की
वहीं, थाना जूटमिल पुलिस ने 18 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर ग्राम बनसींया के रापेनडीपा रोड के पास घेराबंदी कर राजेश जाटवर (21) को अवैध महुआ शराब के परिवहन के आरोप में पकड़ा।
पुलिस के अनुसार आरोपी मोटरसाइकिल हीरो सीडी डिलक्स क्रमांक CG 13 AM 9463 से शराब लेकर जा रहा था। पुलिस को देखकर आरोपी मोटरसाइकिल छोड़कर शराब से भरा थैला लेकर भागने लगा, जिसे पुलिस टीम ने पीछा कर पकड़ लिया।
तलाशी में कपड़े के थैले से 2-2 लीटर क्षमता वाली दो बोतलों में 4 लीटर तथा 1-1 लीटर क्षमता वाली चार बोतलों में 4 लीटर, कुल 8 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कीमत करीब 1,600 रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये है, को भी पुलिस ने जब्त किया।
आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) एवं 59-क के तहत कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक नरसिंह नाथ यादव, आरक्षक परमानंद पटेल एवं सन्नी मालाकार शामिल रहे।
रायगढ़ पुलिस के अनुसार जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ “ऑपरेशन आघात” के तहत कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button