Advertisement Carousel
छत्तीसगढ़जशपुर नगर

40 साल की शानदार सेवा के बाद रिटायर हुए ‘गुरूजी’ SI नारायण प्रसाद साहू, जशपुर पुलिस ने दी भावभीनी विदाई

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज से शैलेंद्र कुमार

जशपुर। पुलिस विभाग में लगभग चार दशक तक उत्कृष्ट, कर्तव्यनिष्ठ एवं निष्पक्ष सेवाएं देने वाले उप निरीक्षक नारायण प्रसाद साहू 31 मई 2026 को अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर पुलिस कार्यालय जशपुर में गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जहां डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने उन्हें ससम्मान विदाई दी।

Advertisements
Advertisements

समारोह में डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने श्री साहू के लंबे सेवाकाल, अनुकरणीय कार्यशैली और विभाग के प्रति उनके समर्पण की सराहना करते हुए उज्ज्वल एवं सुखद भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्हें स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र, शॉल-श्रीफल प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए सेवानिवृत्ति उपरांत सुरक्षित यातायात के लिए हेलमेट भी भेंट किया गया।

उप निरीक्षक नारायण प्रसाद साहू का जन्म 24 मई 1964 को जिला दुर्ग के ग्राम उमरपोटी में हुआ था। उन्होंने 18 सितम्बर 1986 को तत्कालीन मध्यप्रदेश पुलिस में आरक्षक के रूप में अपनी सेवा शुरू की थी। अपने सेवाकाल में उन्होंने साजा, नांदघाट, दुर्ग, मोहननगर, पुलगांव, पत्थलगांव, कोतबा और बागबहार सहित कई थानों एवं इकाइयों में अपनी सेवाएं दीं।

मेहनत, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के बल पर उन्होंने आरक्षक से लेकर प्रधान आरक्षक, सहायक उप निरीक्षक और अंततः उप निरीक्षक पद तक का सफर तय किया। उन्होंने लूट, डकैती, हत्या और धोखाधड़ी जैसे गंभीर मामलों की विवेचना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्ष 2021 के चर्चित पत्थलगांव हिट एंड रन प्रकरण में भी उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आरोपियों की गिरफ्तारी में उल्लेखनीय योगदान दिया।

Advertisements

अपने सरल, सौम्य और मार्गदर्शक व्यक्तित्व के कारण वे विभाग में “गुरूजी” के नाम से प्रसिद्ध रहे। उन्होंने अपने अनुभव और ज्ञान से अनेक युवा पुलिसकर्मियों का मार्गदर्शन किया, जिससे वे विभाग में एक कुशल प्रशिक्षक और प्रेरणास्रोत के रूप में स्थापित हुए।

विदाई समारोह में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री साहू के साथ बिताए गए अनुभवों को साझा करते हुए उनके योगदान की सराहना की और उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, उप पुलिस अधीक्षक कुंजराम चौहान, रक्षित निरीक्षक अमरजीत खूंटे, उप निरीक्षक खोमराज ठाकुर सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं परिजन उपस्थित रहे।

इस अवसर पर डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस परिवार उप निरीक्षक नारायण प्रसाद साहू के सुखमय, स्वस्थ एवं समृद्ध भविष्य की मंगलकामना करता है तथा उनके दीर्घ सेवाकाल में दिए गए अमूल्य योगदान के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता है।

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button