Advertisement Carousel
Blog

आईपीएल में ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, सक्ती पुलिस की बड़ी कार्रवाई ऑनलाइन बेटिंग एप्स से चल रहा था सट्टा कारोबार, लाखों के लेन-देन के मिले सबूत

Advertisements


आईपीएल क्रिकेट मैचों में ऑनलाइन सट्टा खिलाने वालों के खिलाफ सक्ती पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो अलग-अलग प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन और नगदी रकम जब्त की गई है। पुलिस को आरोपियों के मोबाइल से ऑनलाइन बेटिंग एप्स, व्हाट्सएप चैट और लाखों रुपये के लेन-देन से जुड़े डिजिटल साक्ष्य मिले हैं।

दरअसल पुलिस अधीक्षक प्रफ्फुल कुमार ठाकुर के निर्देश पर जिले में आईपीएल मैचों के दौरान संचालित हो रहे ऑनलाइन सट्टा और अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में थाना सक्ती पुलिस और साइबर टीम लगातार मुखबिरों के जरिए सूचना जुटा रही थी।

Advertisements
Advertisements



इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि हटरी धर्मशाला के पास रहने वाले आदर्श अग्रवाल और श्रेयांश अग्रवाल मोबाइल फोन के माध्यम से आईपीएल मैचों में ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और दोनों आरोपियों को संदिग्ध अवस्था में मोबाइल चलाते हुए पकड़ लिया।

पुलिस जांच में आरोपियों के मोबाइल फोन से विभिन्न ऑनलाइन बेटिंग एप्स और सट्टा साइट्स संचालित होना पाया गया। आरोपी व्हाट्सएप के जरिए आईडी और पासवर्ड साझा कर लोगों को ऑनलाइन सट्टा खिलाते थे और क्यूआर कोड भेजकर ऑनलाइन भुगतान लेते थे। पुलिस को सीएसके बनाम एलएसजी आईपीएल मैच में रन, विकेट, बॉल और हार-जीत पर दांव लगाने के डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं।

कार्रवाई के दौरान आरोपी आदर्श अग्रवाल के कब्जे से दो मोबाइल फोन कीमत करीब 80 हजार रुपये और चार हजार रुपये नगद बरामद किए गए। वहीं श्रेयांश अग्रवाल के कब्जे से दो मोबाइल फोन कीमत लगभग 84 हजार रुपये जब्त किए गए। दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 07 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

“आईपीएल मैचों में ऑनलाइन सट्टा संचालित करने की सूचना पर कार्रवाई की गई है। आरोपियों के मोबाइल से डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच जारी है।”

फिलहाल पुलिस जब्त मोबाइल फोन, बैंक खातों और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की तकनीकी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि इस ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी जल्द वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button