Advertisement Carousel
राज्य

पंजाब में ठंड का प्रकोप तेज, शीत लहर के बीच फरीदकोट रिकॉर्ड ठंडा

Ad

चंडीगढ़
पंजाब और चंडीगढ़ में सर्दी ने अब अपना असली असर दिखाना शुरू कर दिया है। राज्य के कई हिस्सों में सुबह की शुरुआत ठंडी हवाओं और घने कोहरे की चादर के साथ हुई। हालांकि दोपहर के समय कुछ इलाकों में धूप निकलने से लोगों को थोड़ी राहत मिली, लेकिन तापमान में आई गिरावट और ठंडी हवाओं ने घर से बाहर निकलने वालों की मुश्किलें बढ़ा दीं।

Advertisements

मौसम विभाग चंडीगढ़ द्वारा 25 दिसंबर को जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, पंजाब और हरियाणा में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहा, लेकिन तापमान में गिरावट से ठंड और तेज हो गई। गुरदासपुर, पठानकोट और बल्लोवाल सौंखड़ी में घना कोहरा दर्ज किया गया, जबकि आदमपुर में शीत लहर देखने को मिली। मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब में औसतन अधिकतम तापमान में 1.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।

Advertisements

इस समय फरीदकोट जिला ठंड का केंद्र बना हुआ है, जहां राज्य का सबसे कम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिलचस्प बात यह रही कि दिन के समय सबसे अधिक तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस भी फरीदकोट में ही दर्ज किया गया। वहीं दूसरी ओर पटियाला में दिन के समय काफी ठंड महसूस की गई, जहां अधिकतम तापमान मात्र 14.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से काफी कम है। इसके अलावा अमृतसर में न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री, लुधियाना और पटियाला में 6.4 डिग्री, गुरदासपुर में 5.5 डिग्री, होशियारपुर में 5.1 डिग्री और बठिंडा (एयरपोर्ट) में 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

5 दिनों तक घने कोहरे और शीत लहर की चेतावनी
पंजाब के लोगों को आने वाले दिनों में घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के लिए तैयार रहना होगा। मौसम विभाग ने अगले 7 दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है, लेकिन साथ ही चेतावनी भी जारी की है। 26 दिसंबर से 31 दिसंबर के बीच पंजाब के कई हिस्सों में ‘घने से बहुत घने कोहरे’ के साथ शीत लहर चलने की संभावना है। वहीं ट्राइसिटी (चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला) में भी अगले 5 दिनों तक आंशिक बादल छाए रहने के साथ घना कोहरा रहने की उम्मीद है। चंडीगढ़ शहर में अधिकतम तापमान 17.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को सड़कों पर अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। 

Ad जय मेडिकल स्टोर स्थान: भारत माता चौक बिलासपुर रोड सारंगढ़
First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button