कबीर आश्रम नेहरू नगर भिलाई में बच्चों के लिए निः शुल्क संगीत शिक्षा प्रारंभ

लक्ष्मी नारायण लहरे की रिपोर्ट
भिलाई । रविवार 6 अप्रैल को कबीर आश्रम नेहरू नगर भिलाई में निःशुल्क संगीत शिक्षा की कक्षा प्रारंभ करने हेतु प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान इच्छुक बालक बालिकाओं और अभिभावकों की उपस्थिति रही। संगीत संस्थान के प्रमुख मानक चंद साहू ने संगीत शिक्षा प्रारंभ करने के उद्देश्य के साथ उन्हें संस्कार युक्त वातावरण निर्मित कर बच्चों को संस्कारवान बनाने की बात कही। यह संगीत शिक्षा 8 अप्रैल से प्रारंभ होने जा रही है। यह संगीत की शिक्षा विभिन्न सत्रों में आयोजित की जाएगी। इस संगीत कक्षा में क्लास एक से बारहवीं तक के बच्चे लाभ ले सकते हैं। इच्छुक अन्य विद्यार्थी भी निःशुल्क शिक्षा का लाभ लेने कार्यालय समय में अपना पंजीयन करा सकते हैं। इस कार्यक्रम को गति देने अभिभावकों और प्रबंधन समिति की बैठक भी आयोजित की गई जिसमें कबीर आश्रम नेहरू नगर भिलाई के प्रबंधन समिति और ट्रस्टी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संस्था के संगीत प्रभारी तिलक वर्मा और आभार प्रदर्शन समिति के डा हीरालाल साहू ने किया।