Advertisement Carousel
Add
Blog

आशीर्वाद के दीपों से जगमग हुआ जांजगीर-चांपा प्रधानमंत्री मोदी के 76वें जन्मदिवस पर शिवरीनारायण में एक लाख दीपों से रोशन हुआ महानदी तट महानदी महाआरती में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, सेवा-संकल्प और राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश

Ad

Advertisements

आशीर्वाद के दीपों से जगमग हुआ जांजगीर-चांपा
प्रधानमंत्री मोदी के 76वें जन्मदिवस पर शिवरीनारायण में एक लाख दीपों से रोशन हुआ महानदी तट
महानदी महाआरती में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, सेवा-संकल्प और राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश

Advertisements
Advertisements


जांजगीर-चांपा,  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस एवं उनके सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुवार को शिवरीनारायण का पावन महानदी तट एक लाख दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। शाम 7 बजे आयोजित भव्य ‘आशीर्वाद का दीप’ कार्यक्रम में महानदी घाट पर एक साथ एक लाख दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से पूरा घाट आलोकित हो उठा और श्रद्धा, उत्साह एवं जनभागीदारी का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।
कार्यक्रम में बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर पवन साय, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव अम्बेश जांगड़े, राजेश्री महंत राम सुंदर दास, नगर पंचायत शिवरीनारायण अध्यक्ष राहुल थवाईत, संजय अग्रवाल, विकास शर्मा, आनंद मिरी सहित जनप्रतिनिधि, पार्षद, अधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में जिलेवासी मौजूद रहे। कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय तथा जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।


महानदी महाआरती से भक्तिमय हुआ माहौल
‘आशीर्वाद का दीप’ कार्यक्रम के साथ महानदी घाट पर महानदी महाआरती का भी आयोजन किया गया। विधि-विधान और श्रद्धा के साथ हुई महाआरती से पूरा घाट भक्तिमय वातावरण में डूब गया। एक ओर महानदी की लहरों के बीच जलते दीपों की कतारें नजर आईं, वहीं दूसरी ओर महाआरती ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया।
‘एक-एक दीप विकसित भारत के संकल्प की प्रेरणा’
बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने भगवान विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सेवा की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है तथा भारतीय संस्कृति और विरासत को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य किया गया है। विधायक ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि एक-एक दीप विकसित भारत के संकल्प के लिए प्रेरणा का प्रतीक है। ये दीप सेवा, संकल्प और राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम हैं।
नारायण चंदेल ने बताया महत्वपूर्ण अवसर
पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होना देश के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीप’ के रूप में प्रज्वलित किए गए दीप प्रधानमंत्री के प्रति शुभकामनाओं की अभिव्यक्ति के साथ ही सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का संदेश देते हैं।


धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों पर भी रोशन हुए दीप
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शिवरीनारायण के महानदी घाट के अलावा जिले के विभिन्न ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप प्रज्वलित किए गए। मंदिर परिसरों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य प्रमुख स्थानों पर लोगों ने दीप जलाकर सामूहिक सहभागिता निभाई।
जिले के लोगों ने अपने-अपने घरों में भी दीप प्रज्वलित कर अभियान में सहभागिता दर्ज कराई। दीपों की रोशनी के माध्यम से सेवा, समर्पण, जनभागीदारी और एकजुटता का संदेश दिया गया।


17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान
उल्लेखनीय है कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। अभियान के दौरान विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों, जनजागरूकता कार्यक्रमों और जनभागीदारी से जुड़े आयोजनों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के माध्यम से सेवा भावना को सशक्त करने तथा सुशासन एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button