Advertisement Carousel
छत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर में भीषण अग्निकांड: ऑक्टोपस बार समेत चार दुकानें जलकर खाक, कई वाहन राख

Massive fire in Raipur: Four shops, including Octopus Bar, gutted, several vehicles reduced to ashes

रायपुर, प्रतिनिधि। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र स्थित ऑक्टोपस बार के समीप मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से ऑक्टोपस बार सहित चार दुकानें, एक होटल तथा कई वाहन जलकर राख हो गए। आग की शुरुआत एक हार्डवेयर दुकान से हुई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। घटना रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 13 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पाया। आग इतनी भीषण थी कि लगातार हो रही बारिश भी इसकी लपटों को नहीं रोक सकी। बुधवार सुबह तक घटनास्थल से धुआं उठता रहा और दमकलकर्मी कूलिंग ऑपरेशन में जुटे रहे।

तेलीबांधा थाना प्रभारी अजय झा के अनुसार प्रारंभिक जांच में आग की शुरुआत हार्डवेयर दुकान से होना सामने आया है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस और फायर विभाग संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं।

आग ने कुछ ही मिनटों में आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया, जबकि बाहर खड़े कई वाहन भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दमकल कर्मियों ने आग को आसपास की अन्य इमारतों तक फैलने से रोकने के लिए पूरी रात अभियान चलाया।

घटना में प्रभावित भोजनालय संचालक बॉबी तोलानी ने बताया कि रात करीब एक बजे उन्हें आग लगने की सूचना मिली। वे तत्काल मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग पूरी इमारत में फैल चुकी थी। उन्होंने कहा कि सामान बचाने का कोई अवसर नहीं मिला और देखते ही देखते सब कुछ जलकर राख हो गया।

आग की लपटें पास स्थित होटल तक भी पहुंच गईं। होटल में ठहरे लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि होटल को भी आग से नुकसान पहुंचा है।

प्रशासन ने प्रारंभिक तौर पर ऑक्टोपस बार सहित चार दुकानों और कई वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की पुष्टि की है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है, जबकि आग लगने के कारणों की जांच जारी है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और एहतियात के तौर पर फायर विभाग की टीम घटनास्थल पर तैनात है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button