Advertisement Carousel
Blog

हाईवे पर मारपीट कर लूटपाट, चंद घंटों में आरोपी गिरफ्तार शराब पार्टी के लिए मांगे पैसे, विरोध पर मारपीट कर लूट

Advertisements

हाईवे पर मारपीट कर लूटपाट, चंद घंटों में एक आरोपी गिरफ्तार
चांपा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, फरार आरोपियों की तलाश जारी
चांपा। जांजगीर-चांपा जिले की चांपा पुलिस ने नेशनल हाईवे पर मारपीट और लूटपाट की वारदात का त्वरित खुलासा करते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई रकम में से ₹100 बरामद किए हैं। वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम सेमरा निवासी सूरज कुमार साहू ने थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई कि 21 जुलाई 2026 की रात वह अपने साथियों के साथ उरगा से कार द्वारा लौट रहे थे। रास्ते में चांपा रेलवे ओवरब्रिज के पास एक व्यक्ति को लिफ्ट देने के बाद हथनेवरा मोड़ के समीप रात करीब 12:30 बजे तीन मोटरसाइकिलों पर सवार 4-5 युवकों ने उन्हें रोक लिया।
आरोपियों ने शराब पार्टी के लिए पैसे की मांग की। विरोध करने पर उन्होंने गाली-गलौज करते हुए सूरज कुमार साहू एवं उसके साथियों के साथ हाथ, मुक्के, लात और बेल्ट से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान आरोपियों ने प्रार्थी की जेब से ₹1,500 लूट लिए और फरार होने से पहले कार का पिछला शीशा पत्थर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया।
मामले की सूचना पर थाना चांपा पुलिस ने अपराध दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने साहिल कुमार पटेल उर्फ अक्की (20 वर्ष), निवासी खाल्हेपारा, हथनेवरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उसके कब्जे से लूट की रकम में से ₹100 बरामद कर जब्त किए गए।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, उपनिरीक्षक सत्यम चौहान, आरक्षक ईश्वरी राठौर, वीरेश सिंह, मुद्रिका दुबे एवं थाना चांपा पुलिस की टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Advertisements
First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button