Advertisement Carousel
Blog

महिला सुरक्षा और मानव तस्करी रोकथाम पर रायगढ़ पुलिस सख्त, एसएसपी शशिमोहन सिंह ने दिए समन्वित कार्रवाई के निर्देश

Advertisements

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज़ से ललिता बरेठ

Advertisements

रायगढ़ में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा तथा मानव तस्करी की रोकथाम को लेकर जिला स्तरीय महिला उत्पीड़न एवं अनैतिक व्यापार निवारण समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने की। इस दौरान संबंधित विभागों को समन्वित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

Advertisements



पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित बैठक में महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम, मानव तस्करी पर नियंत्रण, पीड़ितों के संरक्षण और पुनर्वास से जुड़े मुद्दों की विस्तृत समीक्षा की गई। एसएसपी शशिमोहन सिंह ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करें।



बैठक में मानव तस्करी की रोकथाम के लिए संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर लगातार निगरानी रखने, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने पंचायतों, स्कूल-कॉलेजों, स्वयं सहायता समूहों और सामाजिक संगठनों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया। साथ ही महिला अपराध और मानव तस्करी से जुड़े मामलों की नियमित समीक्षा, त्वरित विवेचना और लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।



बैठक में पीड़ित महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित आश्रय, स्वास्थ्य सुविधा, परामर्श, शिक्षा, कौशल विकास और आर्थिक सशक्तिकरण से जोड़ने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाकर पीड़ितों के सम्मानजनक पुनर्वास के लिए समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, आदिवासी विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे। एसएसपी ने प्रत्येक माह नियमित समीक्षा बैठक आयोजित कर कार्यों की प्रगति पर निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button